- Hindi News
- National
- 30 साल से ज्यादा उम्र के 26 हजार 525 लोगों के स्वास्थ्य की जांच में मिले अनेक पीड़ित
30 साल से ज्यादा उम्र के 26 हजार 525 लोगों के स्वास्थ्य की जांच में मिले अनेक पीड़ित
श्रीगंगानगर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर-घर दस्तक देकर 30 साल से ज्यादा उम्र वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। ब्लड प्रेशर और शुगर को समय पर कंट्रोल किया जा सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक कर रहा है। जिले के नौ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीन आने वाले गांवों में यह जांच की जा रही है, जल्द ही अन्य गांवों में जाकर यह जांच की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. नरेश बंसल ने बताया कि विभाग के एनसीडी अनुभाग की ओर से सरदारगढ़, निरवाणा, रिड़मलसर, 12 जीबी, डाबला, ढाबां, जैतसर, उडसर व 17 जैड स्वास्थ्य केंद्र के अधीन आने वाले गांवों में घर-घर जाकर 30 से अधिक आयु के लोगों का उच्च रक्तचाप व शुगर जांचा जा रहा है। अब तक इन गांवों के 26 हजार 525 लोगों की जांच की गई है, जिनमें 16 हजार 119 महिलाएं व 10 हजार 406 पुरुष शामिल हैं। इनमें 623 नए संभावित शुगर एवं 1830 नए संभावित उच्च रक्तचाप पीड़ित मिले। डॉ. बंसल ने बताया कि शुगर व बीपी पीडितों को खान-पान, व्यायाम आदि के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सीएचसी पर रेफर कर निशुल्क दवाएं दी जाती हैं। विभाग की ओर से आने वाले दिनों में अन्य गांवों में घर-घर जाकर जांच की जाएगी। जिला स्तर से डीपीओ डॉ. सोनिया चुघ व अर्श बराड़ कार्यक्रम की मॉनीटरिंग व रिपोर्टिंग कर रहे हैं।