- Hindi News
- National
- मंडियों में सरकारी खरीद गेहूं भंडारण की व्यवस्था नहीं करने के विरोध में मजदूरों ने काम ठप रख एफसीआई कार्यालय घेरा
मंडियों में सरकारी खरीद गेहूं भंडारण की व्यवस्था नहीं करने के विरोध में मजदूरों ने काम ठप रख एफसीआई कार्यालय घेरा
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर।
मंडियों में सरकारी खरीद के गेहूं की भंडारण व्यवस्था करने व सीधे अन्य जिलों में नहीं भेजने की मांग को लेकर जिले की मंडियों में मजदूरों ने मंगलवार को काम ठप रखा तथा जिला मुख्यालय पहुंचकर एफसीआई कार्यालय का घेराव किया। कार्यालय में क्षेत्र प्रबंधक के नहीं मिलने पर मजदूर भड़क गए और नारेबाजी करने लगे। मामला बढ़ते देख एफसीआई क्षेत्र प्रबंधक के अधीनस्थ अधिकारी ने उच्चाधिकारियों से बात कर मजदूर प्रतिनिधियों से वार्ता की और मांगें मानते हुए लिखित में आश्वासन दिया कि मंडियों में गेहूं के भंडारण की व्यवस्था की जाएगी। सीधे मंडियों से गेहूं बाहर नहीं भेजा जाएगा। मांग पूरी होने पर मजदूर वापस लौट गए। जिले की मंडियों के मजदूर एफसीआई लेबर एंड पल्लेदार मजदूर के बैनर तले सुबह 11 बजे नेहरू पार्क में एकत्र हुए। इसके बाद यहां से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए एफसीआई कार्यालय पहुंचे। यहां पर सभा करते हुए मंडियों में बिगड़ी व्यवस्था के चलते एफसीआई अधिकारियों को काेसा। वक्ताओं ने गेहूं खरीद एजेंसी पर आरोप लगाया कि भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण ही व्यवस्था बिगड़ी है। खरीद से पूर्व यदि भंडारण का इंतजाम होता तो व्यवस्था नहीं बिगड़ती। एफसीआई के अधिकारी मजदूरों को किसानों के साथ लड़ाना चाहते हैं जबकि सरकार व एजेंसी के अधिकारी किसानों का गेहूं खरीदना ही नहीं चाहते। इस कारण व्यवस्था बिगाड़ रहे हैं।
अनिश्चितकाल के लिए काम ठप की चेतावनी पर वार्ता के लिए तैयार हुआ प्रबंधन
एफसीआई के क्षेत्र प्रबंधक के ऑफिस में नहीं होने की सूचना मिलने पर मजदूर भड़क गए तथा नारेबाजी करने लगे। यूनियन के जिलाध्यक्ष जुम्मे खां व अन्य पदाधिकारियों ने एफसीआई क्षेत्र प्रबंधक से फोन पर संपर्क कर उन्हें वार्ता के लिए ऑफिस आने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने टूर पर होने की बात कहते हुए कार्यालय आने से मना कर दिया। मजदूर प्रतिनिधियों ने फोन पर क्षेत्र प्रबंधक को खूब खरी-खोटी सुनाई। सभा स्थल पर जैसे ही इस बात की सूचना पहुंची तो मजदूर नेताओं ने मांग पूरी नहीं होने पर मंडियों में अनिश्चितकालीन समय के लिए काम ठप करने की चेतावनी दी। इस पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अधीनस्थ अधिकारी ने मजदूर प्रतिनिधियों से वार्ता की तथा मजदूरों की मांग मानते हुए लिखित में दिया। एफसीआई ऑफिस के आगे सभा स्थल पर पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल, सीटू के प्रदेश महामंत्री वीएस राणा, जिलाध्यक्ष जुम्मे खां, महासचिव जगसीर सिंह, आत्मा सिंह, मोहनलाल, करनैलसिंह, अवतार सिंह, इंद्र सैन, मुंसिफ खां आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर नई धानमंडी ट्रैक्टर ट्रॉली यूनियन अध्यक्ष साधुसिंह व हनुमानगढ़ जिले की मंडियों के मजदूर भी उपस्थित रहे।