नप में सफाईकर्मी के 148 पदों पर भर्ती के लिए आए 2900 अावेदन पत्र
श्रीगंगानगर| स्वायत शासन विभाग की ओर से निकाली गई सफाईकर्मी भर्ती के लिए श्रीगंगानगर शहर में एक-एक पद के पीछे 20 आवेदकों के आवेदन-पत्र आए हैं। परिषद में 148 पदों के लिए भर्ती होनी है। मंगलवार को फार्म जमा करवाने का अंतिम दिन था, शाम पांच बजे तक कुल 2900 फार्म जमा हुए हैं। कुछ फार्म डाक से आए हैं, इन्हें खोला जाना बाकी है। सुबह परिषद कार्यालय खुलने से पहले ही आवेदकों भी भीड़ परिषद में इकट्ठी हो गई। नगरपरिषद के बाहर कलेक्टर व जिला परिषद के आगे विभिन्न संगठनों की ओर से किए जा रहे धरना-प्रदर्शन की वजह से अनेक आवेदकों को फार्म जमा करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कारण कि वाहन पार्क करने के लिए आसपास जगह नहीं मिली। ऐसे में हर छोटी-मोटी औपचारिकता पूरी करवाने के लिए भागदौड़ करनी पड़ी। सोमवार को 1580 तो रविवार को 625 फार्म जमा हुए थे।
अब आवेदन फार्मों की जांच करेगी कमेटी : नगरपरिषद में जमा हुए आवेदन की बुधवार को कैटेगरी, शिक्षा व अनुभव के आधार पर सूची बनेगी। इसके बाद सचिव लाजपत बिश्नोई की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय जांच कमेटी आवेदन पत्रों की जांच कर योग्य व अयोग्य आवेदकों की छंटनी करेगी। इसके बाद आयुक्त सुनीता चौधरी को यह रिपोर्ट पेश कर चयन की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
1620 आवेदन जमा नहीं हुए : नगरपरिषद की ओर से कुल 4520 आवेदन-पत्र दिए गए हैं। लेकिन मंगलवार को शाम तक 2900 फार्म ही जमा हुए हैं। ऐसे में 1620 आवेदक फार्म जमा करवाने से वंचित रह गए। सफाई कर्मचारी यूनियन पदाधिकारियों के मुताबिक सरकार को आवेदन-पत्र जमा करवाने के लिए कुछ और समय बढ़ाना चाहिए था। कुछ अभ्यर्थियों ने शिकायत भी की थी कि डाक विभाग से पोस्टल आॅर्डर नहीं मिले, अनुभव प्रमाण-पत्र भी नहीं बनने की वजह से अनेक फार्म जमा करवाने से वंचित रह गए।