- Hindi News
- National
- कांस्टेबल के घर में था चोरी का माेबाइल, बरामद करने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, एक की अंगुलियां भी काटी, जीप तोड़ी, केस दर्ज
कांस्टेबल के घर में था चोरी का माेबाइल, बरामद करने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, एक की अंगुलियां भी काटी, जीप तोड़ी, केस दर्ज
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर
चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए गई पुलिस पर एक परिवार के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कस्सी के वार से कांस्टेबल की अंगुलियां काट दी। यही नहीं पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जिस परिवार ने पुलिस पर हमला बोला, उनका एक सदस्य भी कांस्टेबल है। हमला करने वालों में उक्त कांस्टेबल भी साथ रहा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मोबाइल चोरी व पुलिस पर हमला करने के आरोप में केस दर्ज किया है। घटना लालगढ़ थाना क्षेत्र के पन्नीवाली में सोमवार शाम को हुई।
लालगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के निवासी पंकज अरोड़ा को मोबाइल गुम था। इस संबंध में पंकज ने शिकायत दर्ज कराई थी। पंकज ने खुद ही मोबाइल एप के जरिए गुम हुए फोन की लोकेशन ट्रेस की। पंकज ने पुलिस को बताया कि गुम मोबाइल की लोकेशन पन्नीवाली आ रही है। मोबाइल पर कॉल की तो पता चला कि यह फोन मुकेश पुत्र भूप छिंपा के घर पर है। इसी बीच इत्तला मिलने पर पुलिस के हैडकांस्टेबल राकेश, कांस्टेबल गुरविंद्रसिंह, संदीप व बलविंद्र पन्नीवाली क्षेत्र में मुकेश छिंपा के घर पहुंचे। मुकेश के घर का दरवाजा खटखटाया और मोबाइल के संबंध में पूछताछ करने लगे। आरोप है कि इस दौरान तैश में आए मुकेश छिंपा ने अपने भाई रमेश, पिता भूप छिंपा सहित अन्य लोगों को आवाज देकर गेट के पास बुला लिया। रमेश साथ में कस्सी लेकर आया। देखते ही देखते उक्त लोगों ने पुलिस टीम पर ही धावा बोल दिया। पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया। कांस्टेबल गुरविंद्रसिंह बीच-बचाव करने आया तो कस्सी से उसके हाथ पर वार किया। इससे गुरविंद्रसिंह की अंगुलियां कट गई तथा पेट में भी चोट मारी। घटना में पुलिस कांस्टेबल बलविंद्र भी घायल हो गया।
दुस्साहस
लालगढ़ थाना के पन्नीवाली इलाके में बीती शाम की घटना, पुलिस टीम को मारने कस्सी लेकर दौड़ा कांस्टेबल
पुलिस अफसरों तक पहुंचा मामला, पुलिस लाइन में है आरोपी सिपाही
पड़ताल में सामने आया कि कस्सी से वार करने वाला रमेश छिंपा राजस्थान पुलिस का ही सिपाही है। रमेश की ड्यूटी भी पुलिस लाइन के वायरलैस में बताई जा रही है। पुलिस उच्चाधिकारियों से बात कर मामले में कानूनी कार्रवाई के साथ विभागीय कार्रवाई का भी प्रयास कर रही है।