मनरेगा श्रमिकों का जिला परिषद के आगे प्रदर्शन
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर
मनरेगा श्रमिकों की मांगों को लेकर भवन निर्माण मिस्त्री मजदूर यूनियन की ओर से जिला परिषद के आगे लगाया जा रहा धरना मंगलवार को कलेक्टर के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया। इससे पूर्व मजदूरों ने जिला परिषद के आगे प्रदर्शन किया तथा सभा की। सभा स्थल पर वक्ताओं ने पंचायतों व पंचायत समिति में तैनात अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने की मांग रखी।
जिला परिषद के आगे दोपहर तक धरना-प्रदर्शन के बाद यूनियन जिलाध्यक्ष लखविन्दर सिंह व हरकेवलदीप सिंह तथा अन्य पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे तथा मनरेगा श्रमिकों की मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इन लोगों ने कलेक्टर को बताया कि जिले में 2 लाख 54 हजार के लगभग नरेगा मजदूर हैं। इन्हें नरेगा एक्ट के तहत मिलने वाली सभी तरह की सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। इस मौके पर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आईएएस चिन्मयी गोपाल ने भी इन लोगों की समस्याएं सुनी। इसके बाद धरना स्थल पर पहुंचकर इन लोगों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। धरनास्थल पर सीटू के वीएस राणा, मोहनलाल, पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल, सोहनसिंह मण्डेर, हरकेवल सिंह आदि ने मनरेगा श्रमिकों को संबोधित करते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिला व पुरुष मनरेगा श्रमिक उपस्थित रहे।