पानी घटा, किसानों का हैड पर प्रदर्शन
श्रीगंगानगर|एलएनपी नहर में पानी घटने से आक्रोश में आए किसान बड़ी संख्या में शनिवार शाम कालूवाला हैड पहुंचे और प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने एलएनपी में 250 क्यूसेक पानी पूरा करने की मांग उठाई। किसानाें ने आरोप लगाया कि मात्र तीन दिन बाद ही सिंचाई विभाग अपने समझौते से मुकर गया और पानी में कटौती कर दी। एलएनपी 270 क्यूसेक की है और इसमें शनिवार शाम पानी घटकर मात्र 80 क्यूसेक रह गया। इस पर रोटांवाली से गुरलाल सिंह बराड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कालूवाला हैड पहुुंचे। किसानों ने पहले वहां मौके पर मौजूद नहर कार्मिकों से बात की। इसके बाद एईएन हिमांशु जैन मौके पर पहुंचे। उन्होंने 125 क्यूसेक पानी छोड़ने का आश्वासन दिया, तब किसान शांत हुए।