श्रीगंगानगर| भारतीय गुणवत्ता परिषद नई दिल्ली की दो सदस्य टीम सोमवार को रेलवे परिसर की सफाई व्यवस्था जांचने के लिए दो दिवसीय दौरे पर श्रीगंगानगर पहुंची। टीम में शामिल सौरभ पांडे व दीपक कुमार ने पहले दिन रेलवे परिसर में हर जगह बारीकी से सफाई व्यवस्था को जांचा। प्लेटफार्म से लेकर टॉयलेट्स का भी जायजा लिया तथा तस्वीरों के रूप में डाटा जुटाया। शाम को यात्रियों से सफाई का फीडबैक लेने का काम शुरू किया गया।
टीम ने रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म, टॉयलेट, यात्री प्रतीक्षालय व इसके अागे खाली परिसर व रेलवे लाइनों के बीच सफाई देखी। रेलवे परिसर में रखे कचरा पात्र में भी यह देखा कि इनमें यात्री कचरा डालते भी हैं या नहीं। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर हर शाखा में जाकर तैनात कर्मियों से यह नियमित सफाई के बारे में पूछा। सफाई ठेकेदार के कॉन्ट्रेक्ट दस्तावेज व सफाई कार्यों से जुड़े अन्य दस्तावेजों की जांच की। ठेकेदार के सफाई कर्मियों से भी नियमित सफाई व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। मंगलवार को भी यात्रियों से इस संबंध में जानकारी ली जाएगी। सफाई व्यवस्था निरीक्षण के दौरान रेलवे मंडल बीकानेर के सीनियर डीसीएम अभय शर्मा भी साथ रहे।
सफाई व्यवस्था के संबंध में ऑनलाइन दिल्ली से होगी रैंकिंग : टीम में शामिल दीपक कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशनों का भारत सरकार के निर्देश पर स्वच्छता अभियान के तहत सर्वे करवाया जा रहा है। सफाई व्यवस्था के संबंध में यहां की रिपोर्ट ऑनलाइन दिल्ली भेजी जा रही है। वहीं से ऑनलाइन रेलवे स्टेशनों की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर रैंकिंग तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि सफाई के संबंध में 300 यात्रियों से फीडबैक लेकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।