पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • राजनीतिक दलों व संगठनों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, साधुवाली में लगाया जाम, आज केंद्रीय मंत्री को घेरेंगे, सबकी एक मांग हमें चाहिए साफ पानी

राजनीतिक दलों व संगठनों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, साधुवाली में लगाया जाम, आज केंद्रीय मंत्री को घेरेंगे, सबकी एक मांग- हमें चाहिए साफ पानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता|श्रीगंगानगर

नहरों में दूषित पानी के खिलाफ आक्रोशित जिले के सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने सोमवार को एकजुट हो कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भाजपा, भारतीय किसान संघ, मरू प्रदेश संगठन, किसान संघर्ष समिति सहित अनेक संगठनों के लोग शामिल हुए। वहीं सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस नेता मौजूद रहे। सुबह साधुवाली गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे हुए और नहर पर प्रदर्शन किया। यहां काफी समय तक जाम लग गया। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब से यहां नहरों में आ रहे केमिकल युक्त पानी पर रोक लगाने की मांग की। बाद में ये किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम नख्तदान बारहठ को ज्ञापन सौंपा। किसान संघर्ष समिति के नेता अमरसिंह बिश्नोई, मरू प्रदेश बनाओ समिति के मनिंद्र मान, सुरेंद्र गोदारा व सोनू नागपाल आदि के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। किसान संघ के सत्यनारायण गोदारा, बलदेवसिंह, अंग्रेजसिंह वाल्ला, गुरलाल सिंह बराड़, गुरचरण सिंह खोसा, जसकरण सिंह बराड़, दयाराम कुलचाणिया आदि भी अलग-अलग संगठनों के जरिए प्रशासन से मिले।

सर्वदलीय बैठक में हुआ निर्णय- केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को आज घेरेंगे, हाईकोर्ट में याचिका लगाने की भी तैयारी

शाम को पंचायती धर्मशाला में भाजपा नेता महेश पेड़ीवाल एवं कांग्रेस नेता जयदीप बिहाणी के नेतृत्व में सर्वदलीय बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक राज्य की समस्या नहीं है। पंजाब भी इससे पीड़ित है। इसलिए इसे केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाकर हल करवाने की जरूरत है। बिहाणी ने कहा कि गंदे पानी से छुटकारा दिलाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाएंगे। केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल मंगलवार को यहां आ रहे हैं। सर्वदलीय बैठक में निर्णय हुआ कि उनके होमलैंड सिटी के पास उनका घेराव कर पानी की समस्या से अवगत कराया जाएगा। इससे पहले बुधरवाली के पास पंजाब सीमा पर सड़क पर प्रदर्शन करेंगे। बैठक में पूर्व सभापति जगदीश जांदू, मनिंद्र मान, रमेश खदरिया, तरसेम गुप्ता, मुकेश सहू, उदयपाल झाझड़िया, सुभाष सहारण, श्रवण पारीक, हरबंस वाल्मीकि, बंटी वाल्मीकि, बलजिंद्र सैनी आदि उपस्थित रहे।

2 दिन बाद कृषि विभाग ने लिए सेंपल, बोले- सिंचाई योग्य है पानी

नहर में लगातार दो दिन से पानी के साथ केमिकलयुक्त शीरा आ रहा है। भास्कर लगातार जानकारी दे रहा है कि इस पानी से भूमि में केंचुओं सहित मित्र कीट मर सकते हैं। कृषि विभाग दो दिन बाद जागा और सोमवार को तीन अलग-अलग स्थानों से सेंपल लिए हैं। विभागीय रिपोर्ट कहती है कि यह पानी सिंचाई योग्य है। टीम में ज्वाइंट डायरेक्टर विजेन्द्र नैण, डिप्टी डायरेक्टर डॉ. सतीश कुमार शर्मा और पीडी आत्मा के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. जीआर मटोरिया शामिल रहे।

श्रीगंगानगर. दूषित पानी को रोकने के लिए पंचायती धर्मशाला में बैठक करते शहरवासी। दूसरे चित्र में, गंदे पानी को बोतलों व गिलासों में भरकर प्रशासनिक अधिकारी के समक्ष ले गए किसान नेता।

कोई पीएम को ज्ञापन भेज रहा तो कोई सीएम को...सबने नहरों में छोड़े जा रहे गंदे पानी को रोकने की मांग रखी

भाजपा नगर अध्यक्ष अमित चलाना, पार्षद अशोक मेठिया, रवि सोनी व रजत स्वामी ने प्रशासन व प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पानी में गंदगी के बारे में बताया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि अबोहर विधायक अरुण नारंग ने पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह को गंदे पानी की समस्या से अवगत करवाया है। छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष मुकेश गोदारा ने सोमवार को राज्यमंत्री मेघवाल से दिल्ली में मुलाकात कर राजस्थान की नहरों में छोड़े गए जहरीले पानी के मामले से अवगत करवाया। उनके साथ सुशील अरोड़ा, रिशु ग्रोवर, रमन नारंग व पूर्ण तरड़ आदि थे। गंगानगर युवा मोर्चा के सदस्यों ने बैठक कर मंगलवार को केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का घेराव करने का निर्णय लिया। इस दौरान युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवकरण नायक, बंटी मौर्य, शुभम अरोड़ा, हरकेवल सिंह, तेजपाल नायक, अजायब सिंह ग्रेवाल, राजू वाल्मीकि आदि मौजूद थे। उक्त लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में लंबे समय से गंदा पानी आ रहा है। अब हालात बिगड़ते जा रहे हैं। ऐसे में इस सिस्टम को दुरुस्त करना जरूरी है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी गंदे पानी से निजात के लिए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

श्रीगंगानगर. केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन देने जाते युवा।

भाजपा व किसान संगठनों के कई नेता नहरों का मौका मुआयना करने भी गए

जहरीले पानी को लेकर भाकपा की रैली व प्रदर्शन कल

श्रीगंगानगर| गंगानगर सीमांत क्षेत्र का किसान पंजाब की चमड़े की फैक्ट्रियों के केमिकल युक्त जहरीला पानी पीकर कैंसर व गुर्दे जैसी बीमारियों से ग्रसित हो रहा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव डॉ गोपाल हांडा का कहना है पार्टी की ओर से 23 मई को रैली व प्रदर्शन किया जाएगा।

खालसा कॉलेज प्राचार्य ने कलेक्टर को दिया ज्ञापन

श्री गुरूनानक खालसा स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रणजीत सिंह बराड़ ने बताया कि उन्होंने महाविद्यालय की तरफ से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। इसमें लिखा है कि पंजाब के हरिके पतन डेम से श्रीगंगानगर की नहरों में लगातार आ रहे दूषित पानी से क्षेत्र के नागरिकों का जीवन खतरे में है।

खबरें और भी हैं...