भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर
जवाहरनगर थाना क्षेत्र के गुरुनानक बस्ती में रविवार रात एक ही परिवार के लोगों में विवाद हो गया। रात को पुलिस ने शांतिभंग में कुछ युवकों को गिरफ्तार कर पाबंद किया। सोमवार सुबह वे फिर आपस में उलझ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि लाठियों और गंडासियों सहित किरपाणों से एक दूसरे पर वार कर घायल कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों तरफ से क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जिला अस्पताल में भर्ती गुरुनानक बस्ती निवासी अंजू देवी प|ी चंद्रपाल योगी ने बताया कि उनके सामने विनोद योगी का मकान है और उनकी आपस में पुरानी रंजिश चल रही है। इसके चलते मोनू व योगेश ने सोमवार को गंडासी व कृपाण से मारपीट की। वहीं, दूसरा मुकदमा राजकुमार योगी पुत्र विनोद कुमार योगी की तरफ से दर्ज कराया गया। इसमें परिवादी राजकुमार ने बताया कि वे अपने घर पर बैठे थे तभी मोनू, जुगल, भारत सहित तीन चार महिलाएं लाठियां लेकर उनके घर में घुस गई और मारपीट की। शोर शराबा हुआ तो पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर बीच बचाव किया।