श्रीगंगानगर। जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी शहरों व कस्बों के मास्टर प्लान के बाद अब जोनल प्लान बनाए जाने की तैयारी है। जोनल प्लान के तहत शहर को कई भागों में बांटकर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। यह भी तय होगा कि किस जोन में स्कूल, कॉलेज, सीवरेज, पेयजल पाइपलाइन, पार्क, रोड लाइट आदि की जरूरत है। नगर विकास एवं आवासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी की अध्यक्षता में बीते रोज जयपुर में प्रदेश के विभिन्न निकायों के जन प्रतिनिधियों की एक बैठक हुई। इसमें निकायों को जोनल प्लान तैयार कर विभाग को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। अनुमान है कि दो-तीन दिन के दरमियान मुख्यालय जयपुर से जोनल प्लान के संबंध में गाइड लाइन श्रीगंगानगर आ जाएगी। इसके बाद 10 से 15 दिनों के दरमियान न्यास द्वारा जोनल प्लान तैयार कर दिया जाएगा।
यूआईटी अध्यक्ष संजय महिपाल ने बताया कि हाईकोर्ट ने रीट पर सुनवाई के बाद जोनल प्लान बनाने के लिए कहा था। इसी की पालना में सरकार द्वारा तमाम व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महिपाल ने बताया कि मीटिंग में बताया गया कि जोनल प्लान भूखंडों या जोन की स्वतंत्र प्लानिंग के लिए जरूरी होंगे। किसी जोन की जरूरत के अनुसार प्लानिंग की जा सकेगी। महिपाल ने बताया कि शहर का नया मास्टर प्लान जून माह के पहले या दूसरे सप्ताह में आ जाएगा।