श्रीगंगानगर। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मानव सुथार का चयन मध्य क्षेत्र की टीम में हुआ है। देश की अंडर-19 टीम चयन के लिए खेली जाने वाली जोन स्तरीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य क्षेत्र की टीम शामिल होगी। मध्य, उत्तर, दक्षिण, पश्चिम व पूर्व क्षेत्र टीमों के मध्य खेले जाने वाले मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन किया जाएगा। इससे पूर्व सुथार अंडर-16 मध्य क्षेत्र टीम में खेल चुका है। इस वर्ष भी अंडर-19 वनडे व चार दिवसीय मैचों में शानदार गेंदबाजी की बदौलत वह मध्य क्षेत्र में सबसे अधिक विकेट लेने वाला खिलाड़ी है। सुथार ने जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में संचालित एसके बिहाणी क्रिकेट एकेडमी में कोच धीरज शर्मा के निर्देशन में गेंदबाजी के गुर सीखे हैं। कोच शर्मा ने बताया कि बीसीसीआई के तत्वावधान में 23 अप्रैल से जोन स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें भी सुथार सबसे अधिक विकेट लेने वाला खिलाड़ी रहा।