गंगानगर कला मंच की काव्य गोष्ठी आयोजित
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर
गंगानगर कला मंच की मासिक काव्य गोष्ठी रविवार को सुबह जवाहर नगर स्थित अरोड़वंश पब्लिक स्कूल के सभागार में हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष दौलतराम अनपढ़ ने की। अतिथि के रूप में ओपी वैश्य, डॉ. संदेश त्यागी, कश्मीरी लाल जसूजा व विजय गोयल उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत गंगानगर के साहित्यकार रामगोपाल ने मैं एक सघन वन... से की। इसके बाद डॉ. संदेश त्यागी ने मेरी हर बात में शामिल रहा है...गजल को प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। इसी कड़ी में डॉ. ओपी वैश्य ने आजकल खून भी क्यों अपना दुश्मन बना बैठा है..., राजेंद्र मिश्रा ने न जाने क्यों मुझे घोर निराशा ने घेरा है... आदि कविताओं को शानदार वाचन प्रस्तुत किया। काव्य गोष्ठी में गंगानगर के वरिष्ठ एवं नवोदित साहित्यकारों ने गजल, गीत व कविताओं के रूप में अपनी स्वरचित रचनाएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम में उपस्थित श्रोताओं ने भी वरिष्ठ व नवोदित साहित्यकारों की रचनाओं की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि नवोदित साहित्यकारों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे मंच जरिया हैं। निरंतर रचनाओं के उच्चारण से निखार आता है। इस मौके पर सत्यपाल, राजेश मिश्रा, रामनिवास गुणग्राहक, डॉ. आशाराम, हरइकबाल, डॉ. कृष्ण कुमार आशु, राजेंद्र स्वामी, सुरजन सिंह रंगीला, बलवंत सिंह, बालकृष्ण लावा, सुमन अनाड़ी, बनवारी लाल वर्मा आदि शामिल हुए। मंच संचालन मनीराम सेतिया ने किया।