भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर
पढ़ाई के साथ ही खेलकूद और एक्सट्रा एक्टिविटी का भी काफी महत्व है। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद, गीत संगीत जैसी विभिन्न गतिविधियों में जरूर भाग लेना चाहिए। यह बात रविवार को दैनिक भास्कर व स्पैंगल पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुए फ्री समर कैंप के उद्घाटन समारोह में एसपी हरेंद्र महावर ने कही। वे कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि किसी भी बच्चे को एक्सट्रा एक्टिविटी आम बच्चों से अलग बनाती हैं, इसलिए माता-पिता को बचपन से ही अपने बच्चाें के विकास के लिए उन्हें यह एक्टिविटी करानी चाहिए। समर कैंप में 700 बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। कैंप में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के बाद नन्हे-मुन्नों का प्रशिक्षण शुरू हुआ। इस मौके पर श्यामलाल अग्रवाल, बलवीर जिंदल, नितिन अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, कामिनी अग्रवाल, मुक्ता अग्रवाल, नेहा, प्रिंसीपल विष्णु स्वामी, करुणा भाटिया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
छात्र-छात्राओं को फ्री खेल उपकरण उपलब्ध कराए
समर कैंप का समापन 27 मई को होगा। पहले दिन नन्हे मुन्नों में गजब का उत्साह नजर आया। आयु वर्ग और विद्यार्थियों के खेल चयन के हिसाब से उन्हें अलग-अलग समूह में बांटा गया और प्रशिक्षण के लिए फ्री खेल उपकरण उपलब्ध कराए गए। ऐसे में छात्र छात्राओं का उत्साह देखने वाला रहा। पहले दिन विद्यार्थियों का स्केटिंग, पर्सनेलिटी डेवलपमेंट, मार्शल आर्ट, नेल आर्ट, मेहंदी, कंप्यूटर, क्राफ्ट में खासा रुझान नजर आया। इसके साथ उन्हें पेंटिंग, इंस्ट्रूमेंट म्यूजिकल प्ले, वोकल म्यूजिक और बाॅडी पेंटिंग एवं टेटू की क्लासेज की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी देख एसपी ने बच्चों का किया उत्साहवर्धन : समर कैंप में एसपी हरेंद्र महावर ने स्कूल में लगी विज्ञान, गणित व विभिन्न विषयों की प्रदर्शनी भी देखी और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ एसपी व अतिथियों को अपने प्रोजेक्ट की विशेषता बताई। किसी ने गंगनहर का प्रोजेक्ट तैयार किया तो किसी ने वायुमंडल में स्थित ग्रह नक्षत्रों की स्थिति और उनकी चाल से संबंधित प्रोजेक्ट बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई।