जमीन विवाद में मां, बेटी व बेटे पर जानलेवा हमला, केस दर्ज
श्रीगंगानगर| हिंदूमलकोट पुलिस थाना क्षेत्र के गांव दुल्लापुरकेरी के निकट खेत में झोंपड़ी बनाकर रह रही एक महिला, उसके पुत्र व पुत्री पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया गया। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे घायलों के परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार जगो बाई (50) प|ी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि चक सात सी सैकंड में परिवादीया के ससुर के नाम पर कृषि भूमि है। परिवादिया इस कृषि भूमि में ही झोंपड़ी बनाकर अपने पुत्र व पुत्री के साथ रहती है। शनिवार रात को तीनों झोंपड़ी में सो रहे थे। अचानक सुजावलपुर निवासी इकबाल सिंह, सुखविंद्र सिंह व जोगेंद्र सहित अन्य लोगों ने तलवार व गंडासियों से जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में परिवादिया की पुत्री और पुत्र के सिर में गंभीर चोटें लगी। तभी शोर शराबा होने पर लोगों ने बीच बचाव किया और घायलों को 108 एबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया।