श्रीगंगानगर. शहर के वार्ड 18 में करीब दो माह से लोग पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। शुक्रवार को वार्ड पार्षद नमिता सेठी के नेतृत्व में अनेक महिला-पुरुषों ने जलदाय विभाग के एसई का घेराव कर प्रदर्शन किया। वार्डवासियों ने बताया कि काफी समय से वार्ड में पेयजल की सप्लाई सुचारू रूप से नहीं होने से महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग की ओर से सप्लाई एक बार रात में 12 से 1 बजे के बीच दी जा रही है, जिससे महिलाओं को रात को जागकर पानी भरना पड़ता है। अनेक बार ऐसा भी होता कि रातभर जागने के बावजूद पेयजल नहीं आता। इससे गरीब लोगों को 500 ये 700 रुपए लगाकर पानी का टैंकर मंगवाना पड़ता है। नमिता सेठी ने एसई से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से वार्ड में पेयजल समस्या का हल कराया जाए। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव कमला बिश्नोई, परमेश्वरी देवी, गुणवती देवी, राधा, कौशल्या, विमला बेबी, अमरजीत कौर, धोला देवी सहित बनवारी बिश्नोई, राजू गोदारा, सज्जन कुमार, राम कुमार, बीरबल व बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थे।