जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दुर्व्यवहार के शिकार हुए मरीज मधु के परिजन
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर
बसंती चौक निकट निवासी प्रसूता मधु सोनी के नवजात शिशु की मौत मामले में परिजनों द्वारा अस्पताल स्टाफ पर लगाए गए आरोप की जांच पूरी हो गई है। कमेटी में शामिल जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ राजेश अरोड़ा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ सीके गर्ग,डीसी डॉ प्रेम बजाज और नर्सिंग अधीक्षक कुलजीत कौर ने जांच में लैब स्टाफ सहित विशेषज्ञ डॉ अनामिका अग्रवाल द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने की पुष्टि की है। वहीं दूसरी तरफ प्रसूता के परिजन इस जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है। मामले की कोर्ट में शिकायत करने की जाएगी। हालांकि जांच कमेटी ने लैब टेक्नीशियन नवीन शर्मा और रोहित शर्मा के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की सिफारिश की है।
अस्पताल में मरीज के परिजनों से लिया जाता है चतुर्थ श्रैणी और हेल्पर का काम : चार सदस्यीय जांच कमेटी ने पीएमओ डॉ. सुनीता सरदाना को सौंपी रिपोर्ट में बताया शिकायतकर्ता रमेश सोनी ने डॉ. अनामिका अग्रवाल के व्यवहार के संबंध में शिकायत की, जिससे किसी हद तक जांचकर्ता डॉक्टर भी सहमत है। डॉ अनामिका के खराब व्यवहार की कई बार लिखित शिकायतें हो चुकी। अस्पताल में वांछित संख्या में हेल्पर, चतुर्थ श्रैणी कर्मचारी और गार्डस नहीं होने के कारण अनेक कार्य मरीजों के परिजनों द्वारा ही कराए जाते हैं। यदि ब्लड बैंक से ब्लड लाने का काम अपने स्टाफ ने किया होता तो रमेश सोनी को लेबर रूम में जाने की जरूरत नहीं पड़ती और डॉक्टर से बहस भी ना होती।