- Hindi News
- National
- कलेक्टर बोले रात 12 बजे दे रहे पेयजल सप्लाई सिस्टम सुधारो...वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहो
कलेक्टर बोले- रात 12 बजे दे रहे पेयजल सप्लाई सिस्टम सुधारो...वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहो
भास्कर संवाददाता|श्रीगंगानगर
गांवों में जब बिजली की सप्लाई 24 घंटे हो रही है तो फिर लोगों को पीने का पानी कभी रात को 12 बजे तो कभी दोपहर में 1 बजे क्यों दिया जा रहा है। जानबूझ कर जनता को परेशान करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। निर्देश कलेक्टर ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली, पानी, मौसमी बीमारियों, सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को लेकर जिला स्तरीय बैठक में जलदाय विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने मंगलवार को ग्राम पंचायत अरायण में रात्रि चौपाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां लोगों ने कभी रात को तो कभी दोपहर में पीने का पानी आने की शिकायत की। जबकि वहां बिजली की सप्लाई 24 घंटे है। उन्होंने एसई पीएचईडी को निर्देशित किया कि पीने के पानी की सप्लाई सुबह-शाम ही करवाएं, लोगों को अनावश्यक परेशान ना करें। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में आई परिवेदनाओं के निस्तारण की समीक्षा करने के अलावा राजस्व लोक अदालत अभियान-न्याय आपके द्वार, सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं सहित सभी विभागों की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी विभागों के अफसरों को निर्देश दिए कि परिवेदनाओं के निस्तारण का वेरीफिकेशन करें।
इसके अलावा जिला कलक्टर ने बताया कि कई मामले ऐसे भी हैं जो उस विभाग के नहीं है लेकिन दर्ज वहां हो गए हों तो उसे चेंज नहीं किया जा सकेगा। परिवेदना जिस विभाग में दर्ज हो गई, पेंडेंसी वहीं बोलेंगी। ऐसे मामलों में उस विभाग का दायित्व है कि वो परिवेदना को संबंधित विभाग के पास भिजवा कर उसका निस्तारण करवाएं।
विभाग परिवेदना का निस्तारण नहीं करे तो एडीएम को बताएं
श्रीगंगानगर। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में मौजूद अधिकारी।
पालनहार योजना: सर्टिफिकेट के लिए बीईओ करेंगे पाबंद
कलेक्टर ने कहा कि अगर कोई विभाग उस परिवेदना का निस्तारण नहीं कर रहा है तो एडीएम प्रशासन को बताएं। साथ ही एडीएम को निर्देशित किया कि जिन परिवेदनाओं में नाम पते और मोबाइल नंबर नहीं हैं उनके बारे में जानकारी हासिल कर उन्हें परिवेदना निस्तारण के बारे में जानकारी दी जाए। राजस्व शिविरों में पालनहार योजनाओं का अध्ययन सर्टिफिकेट नहीं मिल पाने की बात सामने आने पर कलेक्टर ने डीईओ प्रारंभिक और माध्यमिक को निर्देशित किया कि वो अपने बीईओ को पाबंद कर दें कि जहां जहां शिविर लगाए जा रहे हैं वहां अध्ययन सर्टिफिकेट उपलब्ध करवाएं। बैठक में एडीएम प्रशासन नखत दान बारहठ, एडीएम विजिलेंस वीरेंद्र कुमार वर्मा, नगर परिषद कमिश्नर सुनीता चौधरी, सीएमएचओ डॉ. नरेश बंसल, पीएमओ डॉ. सुनीता सरदाना, महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक ऋषिबाला श्रीमाली, एडी पीएस श्रीमती रीना छिंपा, महिला अधिकारिता के सहायक निदेशक विजय कुमार, जिला उद्योग केन्द्र की आकाशदीप सिद्दू, सामाजिक न्याय अधिकारिता के बीपी चंदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।