इंस्पायर अवार्ड के लिए विद्यार्थियों का 30 जून तक ऑनलाइन होगा नामांकन
राजकीय व निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राएं हो सकते हैं शामिल
श्रीगंगानगर| भारत सरकार के प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से संचालित इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2018-19 के लिए विद्यार्थियों का नामांकन 1 अप्रैल से शुरू हो चुका है। योजना के तहत प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए सभी राजकीय व गैर राजकीय विद्यालय अपने विद्यार्थियों का नामांकन 30 जून तक कर सकते हैं। एडीईओ अशोक वधवा ने बताया कि सभी राजकीय व निजी संस्था प्रधानों को पत्र के माध्यम से सूचित किया जा चुका है कि वह 30 जून तक अपने संस्थान से कम से कम 3 बच्चों का नामांकन ऑनलाइन करें। जो विद्यालय ई-एमआईएएस पोर्टल पर अभी तक रजिस्टर्ड नहीं हैं, उन्हें http://inspireawards-dst.gov.in पर तत्काल अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रदर्शनी में भाग लेने वाले 10 प्रतिशत विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के लिए चुना जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित होने वाले विद्यार्थी दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी में शामिल होंगे। इसमें अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को भारत सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन करते समय उन्हें एक वैज्ञानिक आइडिया का सारांश लिखना या इसे पीडीएफ फार्मेट में अपलोड करना जरूरी है। इसमें कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया जाना है।