पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चांद नजर आने से बिखरी रमजान की रौनक खुदा की इबादत के लिए आज शुरू होंगे रोजे

चांद नजर आने से बिखरी रमजान की रौनक खुदा की इबादत के लिए आज शुरू होंगे रोजे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्रीगंगानगर| खुदा की इबादत का पाक महीना रमजान गुरुवार से शुरू हो रहा है। बुधवार को चांद नजर आने के साथ ही शहर के मुस्लिम धर्मावलंबियों ने रमजान की तैयारियां शुरू कर दी। मुस्लिम परिवारों में व मस्जिदों में बुधवार को तैयारियों की रौनक देखने को मिली। हालांकि रमजान माह इस बार भीषण गर्मी के दिनों में है। जिला वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मोहम्मद चिरागद्दीन ने बताया कि बुधवार रात को चांद दिखाई दिया है, जिसके चलते रोजे गुरुवार से शुरू हो जाएंगे। वहीं जयपुर में बुधवार को चांद दिखाई न देने के कारण शुक्रवार को रोजे रखने शुरू होंगे। इस बार पहला रोजा ही 15 घंटे का रहेगा। दिन बढ़ने के साथ सहरी से इफ्तार के बीच का समय भी बढ़ेगा। अभी शाबान का महीना चल रहा है। चांद नजर आने के बाद तरावीह की नमाज शुरू हुई। इसके अगले दिन रोजा रखा जाता है। गणनाओं के अनुसार इस बार प्रत्येक रोजा करीब 14 घंटे 50 मिनट से ज्यादा अवधि का रहेगा। यानी रोजेदारों को 24 घंटे के दौरान 15 घंटे भूखे-प्यासे रहकर शिद्दत की गर्मी के बीच नमाज, इबादत और तिलावत करनी होगी।

बाजार में भी रही रौनक, रंग-बिरंगी रोशनी से सजेगी मस्जिद : रमजान माह में मस्जिदों व घरों में रंग-बिरंगी रोशनी से सजावट की जाएगी। मोहम्मद चिरागद्दीन ने बताया कि शहर में एफ ब्लॉक स्थित जामा मस्जिद, इंदिरा चौक स्थित मस्जिद, पुरानी आबादी स्थित मस्जिद, पटाखा फैक्ट्री के नजदीक मस्जिद व लखारा चौक स्थित मस्जिद में इस माह के दौरान आकर्षक सजावट की जाएगी। इन क्षेत्र में हर साल विशेष तौर से बाजार भी सजता है, जिसमें सहरी और इफ्तारी के लिए विशेष पकवान होते हैं। इसके साथ बाजार में रूहअफजा, शर्बत, पिंड खजूर, सऊदी, बांबे, तोश, फैनी, सिवइयां, अंगूरदान व मीठा खुरमा आदि सामान की बिक्री शुरू हो चुकी है।

खबरें और भी हैं...