- Hindi News
- National
- नैफेड के गोदाम फुल, 16 ट्रॉलियों में ही लदा रह गया धानमंडी से भेजा सरसों चना
नैफेड के गोदाम फुल, 16 ट्रॉलियों में ही लदा रह गया धानमंडी से भेजा सरसों-चना
श्रीगंगानगर|गेहूं की सरकारी खरीद के बाद अब सरसों व चना के भंडारण की समस्या खड़ी हो गई है। नैफेड की ओर से रिजर्व सभी गोदाम भर चुके हैं। बुधवार को श्रीगंगानगर व सब मंडी यार्ड से रीको भेजी गई सरसों व चने की ट्रॉलियां गोदाम पहले से भर जाने के कारण खाली नहीं हो पाई। ऐसे में सरकारी खरीद के सरसों व चना से भरी 16 ट्रालियां रीको सब मंडी यार्ड में रोकी गई हैं। श्रीगंगानगर नई धानमंडी में सरसों-चना खरीद केंद्र से दोपहर बाद 8 ट्रॉलियां सरसों की भरकर रीको गोदारा गोदाम में खाली होने के लिए भेजी गई। इस गोदाम में जगह नहीं होने के कारण इन ट्रालियों को वहां पास ही कांडा गोदाम में सरसों उतरवाने के लिए भेजी गई। चालक ट्रालियां लेकर वहां पहुंचे तथा यहां सरसों की बोरियां गोदाम में जमा करवाने के लिए पहले से ही वाहनों की कतारें लगी हुई थी। इस पर चालकों ने नाराजगी जाहिर की तथा नई धानमंडी स्थित ट्रैक्टर ट्रॉली यूनियन पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे यूनियन के अध्यक्ष साधु सिंह ने गोदाम में तैनात कर्मचारियों से बात की तो पता चला कि गोदाम पहले ही भर चुका है।
नई धानमंडी में सरसों चना खरीद केंद्र पर कर्मचारियों ने सरसों के बारदाने में सरकारी खरीद का चना भरवा दिया। इतना ही नहीं ट्रॉलियों में लोड करवाकर रीको गोदाम में जमा करवाने के लिए भी यहां से रवाना कर दिया। ट्रॉलियां गोदाम में पहुंची तो वहां गोदाम कर्मी ने यह कहते हुए ट्रॉलियां वापस लौटा दी कि बारदाना गलत है।