एमपीवी उड़ाने की वारदात में शामिल 6 नक्सली गिरफ्तार
सुकमा| नक्सली संगठन से जुड़े 6 जनमिलिशिया सदस्यों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर स्थानीय न्यायालय में पेश किया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। जिला पुलिस बल, सीआरपीएफ और कोबरा जवानों की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए नक्सलियों में किस्टाराम थाना क्षेत्र के पोटकपल्ली निवासी वेट्टी गंगा, वेट्टी जोगा, वेट्टी भीमा, वेट्टी गंगा एवं गट्टापाड़ निवासी सोढ़ी हुंगा व माड़वी बुधरा शामिल हैं। एसपी अभिषेक मीणा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए सभी 6 नक्सली बीते माह 13 मार्च को कांसाराम के पास सीआरपीएफ 212 बटालियन की एमपीवी बारुदी सुरंग से उड़ाने की वारदात में शामिल थे। गौरतलब है कि नक्सलियों द्वारा किए गए बारुदी सुरंग विस्फोट में सीआरपीएफ के नौ जवान शहीद और दो जवान घायल हुए थे। नक्सलियों ने विस्फोट के बाद जवानों के चार इंसास राइफल भी लूट ली थी। इससे पहले बीते 24 मार्च को पुलिस ने किस्टाराम वारदात में शामिल सात नक्सलियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।