समर्थन मूल्य पर बेची गई जिंस का नहीं मिला भुगतान
सुल्तानपुर. कांटे पर बेची फसल के भुगतान की मांग को लेकर प्रधान भूपेंद्र सिंह हाड़ा को ज्ञापन सौंपते किसान।
भास्कर न्यूज | सुल्तानपुर
कस्बे के समर्थन मूल्य पर जिंस बेचान किए हुए एक माह से अधिक समय हो गया लेकिन अभी तक भी किसानों को भुगतान नहीं मिलने से किसानों पर आर्थिक संकट की मार है ।
परेशान किसान उधारी लेकर घर चलाने को मजबूर हो रहे है। ऐसे में अपनी उपज के भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को यहां किसानों ने पंचायत समिति प्रधान भूपेन्द्र सिंह हाड़ा को जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौपा और फसल का शीघ्र भुगतान दिलवाने की मांग की।
इसके बाद प्रधान हाड़ा द्वारा भी सरकार के नाम किसानों की समस्याओं को लेकर पत्र प्रेषित किया। इसमें उन्होंने सरकार को बताया कि किसानों द्वारा सुल्तानपुर समर्थन मूल्य तौल कांटे पर सरसो, गेहूं व चना फसल का बेचान किया जा रहा है लेकिन एक माह से अधिक समय होने के बाद भी एक भी किसान को भुगतान नहीं मिला है । ऐसे मे किसान खासा परेशान है । ऐसे मे आखातीज जैसे सावों मे भी शादी विवाह कार्यक्रम उधारी मे चलाने पड़ रहे है।