बाल विवाह रोकथाम के लिए किया जागरूक
सुल्तानपुर| पड़ासलिया में सरपंच ओमप्रकाश गोचर की अध्यक्षता मे तालुका विधिक सेवा समिति दीगोद व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोटा के संयुक्त तत्वावधान में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित हुआ। इसमें गांववासियों को विधिक जानकारियां देते हुए आगामी अक्षय तृतीया व पीपल पूर्णिमा पर होने वाले विवाह कार्यक्रमों मे बाल विवाह होने पर तुरंत प्रशासन को सूचना देने को कहा गया। पैनल एडवोकेट जितेंद्र शर्मा ने विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाएं बताई तो वहीं पीएलवी नमोनारायण ने खेतों मे नौलाइयां जलाने से होने वाले दुष्परिणामों के बारे मे बताया। इसके बाद पीएलवी हेमंत यादव व नरेश गोचर ने ग्रामीणों को समस्या पर शिकायत रिर्पोट लिखने,धूम्रपान निषेध अधिनियम, कोटपा एक्ट,कन्या भ्रूण हत्या व भरण पोषण अधिनियम के बारे मे बताया। इसी तरह भौरां ग्राम पंचायत मे एडवोकेट कोशल किशोर वैष्णव व पीएलवी मोनेश मालव ने बाल विवाह रोकथाम के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।इस मौके पर ग्राम सेवक रेखा शर्मा, नवल मौजूद थे।