बाबा साहेब की 7 फीट ऊंची प्रतिमा का होगा अनावरण
शहर के ट्रक यूनियन कार्यालय के सामने अंबेडकर उद्यान में संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शनिवार 14 अप्रैल को जनसहयोग से तैयार की गई प्रतिमा का अनावरण जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। इस उपलक्ष्य में शुक्रवार को अंबेडकर उद्यान में बाबा साहेब की नई खड़ी प्रतिमा क्रेन के सहयोग से स्टैंड पर लगाई गई। उपखंड अधिकारी विनोद कुमार मल्होत्रा ने बताया कि जनसहयोग से 1 लाख 30 हजार रुपए की लागत से जयपुर में मार्बल से अंबेडकर की नई प्रतिमा का निर्माण करवाया गया था जिसकी ऊंचाई 7 फीट की हैं। वही नगरपालिका प्रशासन द्वारा मूर्ति स्थापित करने के लिए 1 लाख रुपए की लागत से स्टैण्ड का निर्माण करवाया गया व 30 हजार की लागत से प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए रेलिंग व प्रतिमा के चारो ओर सेफ्टी स्टील की जाली लगाई गई। इस स्टैण्ड की ऊंचाई सात फीट होगी एवं नीचे से साढ़े चार फीट व ऊपर से साढ़े तीन फीट चौड़ा टेपर आकार का होगा जिस पर डॉ. अंबेडकर की ढाई फीट चौड़ी व 7 फीट लंबी प्रतिमा स्थापित की गई। नगरपालिका कनिष्ठ अभियंता ललित भारद्वाज की देख-रेख में अंबेडकर उद्यान में पुरानी मूर्ति को हटाकर नई खड़ी मूर्ति स्थापित की गई जिसका अनावरण 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा।
सुमेरपुर. क्रेेन के सहयोग से डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा लगाई गई।