बैठक में बाल विवाह रोकथाम के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश
सुमेरपुर. बैठक में उपस्थित उपखंड स्तरीय अधिकारी व सामाजिक संगठन।
भास्कर न्यूज | सुमेरपुर
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की बैठक में बाल विवाह की रोकथाम के संबंध में आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी एवं जिला कलक्टर के निर्देशानुसार उपखण्ड अधिकारी विनोद कुमार मल्होत्रा की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम मल्होत्रा ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुरीतियों जड़ से उखाडऩे के लिए लोग आगे आ रहे है। सामाजिक प्रथा निभाने के नाम पर बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ को रोकने सहित बाल-विवाह के कारण शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर पडऩे वाले दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बाल-विवाह को रोकने में सहयोग देने की अपील की। इस मौके पर अभियोजन अधिकारी अजय ओझा, वृत्ताधिकारी अमरसिंह चम्पावत, बीईईओ परबतसिंह राठौड़ व अन्य वक्ताओं ने बाल-विवाह प्रतिषेध, सघन अभियान एवं अक्षय तृतीया, पीपल पूर्णिमा सहित अन्य अवसरों पर होने वाले बाल विवाह की रोकथाम के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए कानूनी पहलुओं से अवगत करवाया। बैठक में ग्रामसेवकों व पटवारियो को गांव मे होने वाले विवाहों, वर-वधू की उम्र, बारात आने व जाने वाले स्थान आदि की जानकारी मुख्यालय पर देने के निर्देश दिए। वृत क्षेत्र के थाना प्रभारियों को सूचना मिलने पर बाल विवाह को रोकने एवं संबंधित पक्षकारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए पाबंद किया। बैठक में जनप्रतिनिधियों से बाल विवाह की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की गई। आयोजित कार्यशाला में तहसीलदार इस्माइल गौरी, अभियोजन अधिकारी अजय ओझा, वृत्ताधिकारी अमरसिंह चम्पावत, प्रधानाचार्य गजेन्द्रसिंह राणावत, अधिशाषी अधिकारी सोमप्रकाश मिश्रा, तखतगढ़ ईओ नीरज कंवर सहित महिला बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, पंचायतीराज विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग सहित सरपंचगण मौजूद रहे।