श्री वैष्णव ब्राह्मण शिक्षा योजना समिति छात्रावास फालना में रविवार को सुबह जीर्णोद्धार, नव निर्माण भामाशाह सम्मान समारोह एवं आमसभा महंत लक्ष्मणदास महाराज के सान्निध्य में आयोजित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष एडवोकेट भंवरलाल वैष्णव ने कहा कि समाज के भामाशाहों के सहयोग से छात्रावास का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही देश व समाज का विकास संभव है। उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का भी आग्रह किया। कोषाध्यक्ष जयरामदास वैष्णव द्वारा तीन वर्षों का आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। सचिव हरीश वैष्णव ने बताया कि आम बैठक में वर्तमान कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों का कार्यकाल आगामी तीन वर्षों के लिए बढ़ा दिया। समारोह में जेसी शर्मा मुंबई, सुरेश कुमार सीए मुंबई, जगदीश नारायण एक्सईन सुमेरपुर, अहमदाबाद से उम्मेददास वैष्णव, नरपतदास, छोटूलाल, अशोक कुमार, सिरोही से जिलाध्यक्ष आत्माराम वैष्णव, मंगलदास वैष्णव, रमेश कुमार आदि मौजूद थे।