सुमेरपुर| ग्राम पंचायत नेतरा में रिक्त पड़े ग्राम विकास अधिकारी पद के कारण पंचायत संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सरपंच प्रेमाराम देवासी ने बताया कि गत 24 अप्रैल से ग्राम विकास अधिकारी का पद रिक्त है। वहीं रोजगार सहायक भी पिछले 3 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरने पर है। जिस कारण पंचायत के विकास कार्य ठप पड़े हैं। नरेगा के कार्य बंद होने से गरीब तबके के लोग रोजगार के अभाव में भटक रहे हैं। रोजमर्रा के कार्य जिसमें विवाह पंजीयन, पेंशन, जन्म-मृत्यु पंजीयन के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही समस्या का समाधान कर ग्राम विकास अधिकारी को नहीं लगाया गया तो ग्राम पंचायत में होने वाले सभी कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा।