10 रुपए जमा कर डिजिटल प्रमाण पत्र का प्रिंट भी ले सकेंगे
भास्कर न्यूज | सुमेरपुर/शिवगंज
राज्य सहित जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ई-मित्र प्लस मशीन लगाई जा रही है। इस मशीन से कोई भी व्यक्ति अपने प्रमाण पत्र प्रिंट कर प्राप्त कर सकेंगे। मशीन की स्क्रीन पर स्टेटस देख सकेंगे। बिलों का भुगतान, परीक्षाओं का परिणाम, अंक तालिकाओं का प्रिंट भी ले सकेंगे। अमूमन सभी पंचायतों में मशीनें पहुंच गई है। सॉफ्टवेयर भी इंस्टॉल किया जा चुका है।
इसी माह में उनको भी उपयोग के लिए शुरू कर दिया जाएगा। मशीन पर उपलब्ध सेवाओं में डिजिटल प्रमाण पत्र में मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र की सेवा जल्दी ही शुरू हो जाएगी। इसे केवल नकद भुगतान से प्राप्त किया जा सकता है। ई मित्र कियोस्क धारक से डिजिटल प्रमाण पत्र का प्रिंट प्राप्त करने पर 21 रुपए का टोकन कटता है, लेकिन इस मशीन से आमजन स्वयं 10 रुपए जमा कर डिजिटल प्रमाण पत्र का प्रिंट ले सकते हैं। मशीन केवल नोट ही स्वीकार करती है, सिक्के डालने का विकल्प उपलब्ध नहीं है। बिल, पानी और मोबाइल पोस्टपेड बिलों का भुगतान नकदए डेबिट व क्रेडिट कार्ड से भुगतान किया जा सकता है। बिल का भुगतान करते ही रसीद मिलेगी। नकदी में बिल का भुगतान 10 रुपए के गुणक में ही किया जा सकता है। यदि किसी की देय राशि 117 रुपए है तो मशीन 120 रुपए प्राप्त करेगी तथा शेष 3 रुपए का लाभ अगले बिल में अपने आप कम करके दिया जाएगा। ई मित्र कियोस्क से किए गए प्रमाण पत्र आवेदन की स्थिति का पता करने के लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा। ई मित्र कियोस्क से किए गए आवेदन का टोकन संख्या दर्ज कर आवेदन की वर्तमान स्थिति पता की जा सकती है।
प्रत्येक मशीन 24 घंटे ऑनलाइन रहेगी
मशीन को संचालित करने के लिए सभी जगह एक-एक दक्ष कर्मी रखा गया है। ग्रामवासी केवल मशीन तक पहुंचकर अपनी बात बता सकते हैं। यह कर्मचारी स्वयं ही लोगों को मशीन का संचालन करना सिखाएंगे। मशीनें 24 घंटे ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़ी हुई रहेंगी। यह सुविधा मिलने से अब लोगों को सरकारी कार्यालयों में अपने प्रमाण पत्रों और दस्तावेजों के लिए चक्कर नहीं काटने होंगे। जिस प्रमाण पत्र को जारी होने में जितना समय लगना है, उतने समय में स्वतः प्रमाण पत्र बनकर ऑनलाइन अपलोड हो जाएंगे। इस मशीन से लाभार्थी प्रिंट लेकर उसे असल के रूप में प्रयोग कर सकेंगे। छात्रों के प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन परिणाम, स्कूल और कॉलेज शिक्षा के ऑनलाइन आवेदन और परिणाम की अंक तालिका भी यहीं से प्रिंट ली जा सकेगी।
बिलों का भुगतान, परीक्षाओं का परिणाम, अंक तालिकाओं का प्रिंट भी ले सकेंगे ग्रामीण, ऑनलाइन रहेगी मशीन