पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 30 एजेंडों का बहिष्कार कर पार्षद बोले पहले पानी सप्लाई, सीवरेज व्यवस्था सुधारो

30 एजेंडों का बहिष्कार कर पार्षद बोले-पहले पानी सप्लाई, सीवरेज व्यवस्था सुधारो

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर कौंसिल की बजट बैठक से अधिकतर पार्षदों ने दूर रहकर प्रधान के विरुद्ध अपनी नाराजगी जाहिर की है। अकाली प्रधान बैठक का कोरम पूरा करने के लिए अपनी ही पार्टी के पार्षदों का समर्थन नहीं जुटा पाए हैं जिस कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा है। शहर के विभिन्न मुद्दों पर रखी गई दूसरी बैठक में भी अधिकतर पार्षदों ने भाग तो लिया परंतु बैठक की कार्रवाई को आगे नहीं बढ़ने दिया गया। आरोप है कि प्रधान समेत कौंसिल कर्मचारी शहर की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में मांग की गई कि पहले शहर की समस्याओं पर ध्यान दिया जाए जिसके बाद ही बैठक की कार्रवाई को आगे बढ़ने दिया जाएगा। उधर, बजट बैठक में कोरम पूरा करने में असफल रहे प्रधान की प्रधानगी पर भी सवाल उठने लगे हैं।

नगर कौंसिल की ओर मंगलवार को दो बैठकों का आयोजन किया गया था। जिसमें वार्षिक बजट बैठक और दूसरी शहर के विभिन्न मुद्दों को लेकर आम बैठक का आयोजन किया गया था। पहली बैठक का समय सुबह साढ़े 10 से 11 बजे और दूसरी बैठक का समय सुबह 11 से साढ़े 11 बजे रखा गया था। दोनों बैठकों के एजेंडे बाकायदा पार्षदों को भेजे गए थे। वार्षिक बजट बैठक में शहर के 23 पार्षदों में से विधायक समेत 5 पार्षदों ने हिस्सा लिया। क्योंकि यह स्पेशल बैठक थी जिसका कोरम पूरा नहीं होने पर बैठक को स्थगित कर दिया गया। दूसरी ओर बैठक में हिस्सा नहीं लेने वाले पार्षदों ने रेस्ट हाउस में निजी बैठक कर बजट बैठक के बहिष्कार का ऐलान किया।

दूसरी बैठक में विधायक समेत 20 पार्षदों ने भाग लिया। बैठक में एजेंडों को पेश किया गया तो पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। पानी सप्लाई ठप पड़ रही है। सीवरेज व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट पर किसी का ध्यान नहीं है। प्रधान और कौंसिल के कर्मचारी इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में पार्षदों ने दो सरकारी एजेंडों को पास कर 30 एजेंडों का बहिष्कार कर दिया। पार्षदों ने चेतावनी दी कि शहर में लोगों की समस्याएं दूर होने के बाद ही बैठक को आगे बढ़ने दिया जाएगा।

सुनाम में बजट बैठक का कोरम पूरा नहीं होने पर स्थगित करनी पड़ी बैठक।

प्रधान को संभलना चाहिए : मनप्रीत

कांग्रेस पार्षद मनप्रीत बांसल का कहना है कि कौंसिल में अधिकतर पार्षद अकाली दल से संबंधित है। प्रधान भी अकाली दल का होने के अधिकतर अकाली पार्षद प्रधान की कार्यशैली से खुश नहीं हैं। प्रधान बजट बैठक में कोरम तक को पूरा नहीं कर सकें, ऐसे में प्रधान को संभलना चाहिए और लोगों की समस्याओं पर ध्यान देकर उसे दूर करना चाहिए।

नगर कौंसिल में काम पर किसी का ध्यान नहीं : विधायक अमन अरोड़ा

आप विधायक अमन अरोड़ा का कहना है कि नगर कौंसिल में काम पर किसी का ध्यान नहीं है। आम लोगों की कौंसिल में लूट हो रही है। नगर कौंसिल की राजनीति का खमियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पार्षदों को पार्टीबाजी से ऊपर उठकर शहर के विकास की तरफ ध्यान देना चाहिए।

22 मई को दोबारा बुलाई बैठक : प्रधान बघीरथ

नगर कौंसिल के प्रधान बघीरथ राए गीरा का कहना है बजट बैठक में कोरम पूरा नहीं होने के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा है। 22 मई को दोबारा से बैठक बुलाई गई है।

खबरें और भी हैं...