सूरजपुर| व्यवहार न्यायाधीश ओम प्रकाश साहू एवं अनिल कुमार चौहान की उपस्थिति में ग्राम पंचायत भैयाथान व ग्राम पंचायत केवरा तथा व्यवहार न्यायाधीश आस्था यादव की उपस्थिति में ग्राम पंचायत पीढ़ा व शिवप्रसादनगर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में व्यवहार न्यायाधीश ओम प्रकाश साहू ने विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सेवा की जानकारी देते हुए बताया कि हर एक कानून बनने के पीछे कुछ न कुछ कारण होता है, समाज में जब भी कोई अपराध अधिक होने लगती है तो उस पर रोक लगाने के लिए नये कानून का निर्माण किया जाता है। उन्होंने कहा कि कई कानून होने के बाद भी अपराध होने के पीछे लोगों में अशिक्षा व जागरूकता की कमी के कारण रहा है। शिव प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि एसडीएम कार्यालय सूरजपुर, भैयाथान, प्रतापपुर तथा अपर कलेक्टर कार्यालय सूरजपुर में भरण-पोषण अधिकरण के तहत समिति का गठन किया गया है। व्यवहार न्यायाधीश अनिल कुमार चौहान ने बाल विवाह, घरेलू हिंसा अपराध की जानकारी दी।