जिले की सीमाओं में परिवर्तन पर नेता प्रतिपक्ष ने जताई खुशी
अम्बिकापुर| नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने सरगुजा जिले के विभाजन के बाद अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन, केन्द्रीय विद्यालय, अजिरमा कृषि केन्द्र सहित अन्य के सूरजपुर जिले में चले जाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मांग की थी कि ग्राम पंचायत अजिरमा, भगवानपुर खुर्द, बिशुनपुर, ठाकुरपुर को सरगुजा जिले में सम्मिलित किया जाए। इसी तरह ग्राम गेतरा को सरगुजा जिले से सूरजपुर में सम्मिलित किया जाए। छत्तीसगढ़ राजपत्र 8 मई के अनुसार उक्त मांगों के पुरा होने पर श्री सिंहदेव ने सरगुजा एवं सूरजपुर जिले के नागिरकों सहित प्रशासन स्तर पर प्रयास करने वाले अधिकारियों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि सरगुजा विभाजन के पूर्व रेल्वे स्टेशन की स्थापना अम्बिकापुर के नाम से हुई थी। वहीं केन्द्रीय विद्यालय एवं कृषि केन्द्र भी अम्बिकापुर के नाम पर हैं। लोगों के द्वारा यह मांग की जा रही थी कि अम्बिकापुर के नाम से गठित इस हिस्से को सरगुजा जिले में ही रखा जाए।