कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने पर पटवारी की जनदर्शन में शिकायत
सूरजपुर | कलेक्टर केसी देवसेनापति ने मंगलवार को जिला पंचायत सीईओ संजीव कुमार झा एवं अपर कलेक्टर केपी साय की उपस्थिति में कलेक्टर सभा कक्ष में जनदर्शन कार्यक्रम में लोगोंे की समस्याएं सुनी।
इस दौरान 80 आवेदन ग्रामीणों की ओर से दिए गए। जनदर्शन में ग्राम बसदेई की श्रीमती सफरी द्वारा तहसील न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश का पालन पटवारी द्वारा नहीं किये जाने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसी तरह ग्राम ठाकुरपुर के पवन साय ने बताया कि उसके स्वामित्व की भूमि से एक व्यक्ति द्वारा कब्जा नहीं हटाया जा रहा है। नवापारा के संतलाल साहू ने भूमि का पुराने नक्शे के आधार पर सीमांकन कराने की मांग की। पटियाडांड़ के रामधनी ने कलेक्टर को अपनी शिकायत में बताया कि सरपंच व सेल्समेन द्वारा उसे महीने भर का राशन नहीं दिया जाता, इससे उसे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कैलाशपुर के ग्रामीणों ने गांव मेंे अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को जिला अधिकारियो को जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।