भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर
गुरूवार को सुबह दस बजे तक बादलवाही के बाद शाम का धूप खिली रही। इसके कारण गर्मी का प्रभाव बना रहा। अधिकतम तापमान भी 41 डिग्री रहा। शाम छह बजे के बाद एकाएक मौसम पलट गया तथा तेज हवाएं चलने के साथ ही आसमान में बादलों का आवागमन शुरू हो गया। थोड़ी ही देर में धूलभरी हवाएं चली व हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। देर रात 11 बजे तक हल्की बूंदाबांदी जारी थी। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी 24 घंटों में धूलभरी हवाएं चलने व बूंदाबांदी होने की संभावना व्यक्त की है। मौसम में आए बदलाव के चलते किसान भी बरसात की आस लगा रहे हैं। किसानों ने बताया कि बरसात होती है तो नव अंकुरित फसलों में सिंचाई पानी की मांग पूरी होगी तथा बुवाई क्षेत्र भी बढ़ेगा। नहरों में सिंचाई पानी कम प्रवाहित होने के कारण बागवानी व सब्जियों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। इन फसलों में भी बरसात से सिंचाई पानी की मांग पूरी होगी।
घड़साना| क्षेत्र में गुरुवार शाम एकाएक मौसम में आए बदलाव से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दिन भर तेज धूप रही। वहीं शाम साढ़े 6 बजे तेज आंधी आ गई। जिससे चारों और धूल का गुब्बार छा गया। होर्डिंग्स उड़ गए। तेज आंधी से यातायात प्रभावित हुआ। बाद में बूंदाबांदी हुई और आसमान साफ हाे गया। क्षेत्र के गांव 6 जीडी, 8 जीडी, 7 जीडी, पुरानीमंडी व छह डीडी, 13 एमडी, सतराना सहित कई गांवों में तेज आंधी के बाद बूंदाबांदी के समाचार हैं।
आंधी से कस्बों में उड़े होर्डिंग्स अौर छप्पड़, सूरतगढ़ में पौने घंटे तक बिजली बंद रही
जिलेभर में गुरुवार को भी मौसम खराब ने पलटा खाया और शाम होते-होते आंधी आई। इस बीच आसमान में बादल छा गए और देर शाम कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। सूरतगढ़ क्षेत्र में आंधी के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। दिन में हल्की हवाएं चल रही थी, कि शाम 7 बजे आंधी चलनी शुरू हो गई जो 15 मिनट तक चली। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई जो 5 मिनट बाद थम गई। ग्रामीण क्षेत्र में तेज आंधी के साथ एक से दो अंगुल बारिश हुई। गांव राजियासर, हिंदौर, पीपासर, सिंगरासर, डीवाना, मोकलसर सहित आसपास के गांवों में तेज आंधी के साथ 15 मिनट तक बारिश हुई। किसानों के मुताबिक बारिश से बीजाई किए नरमा में फायदा होगा, साथ ही किसान नरमा की बीजाई कर सकेंगे। कस्बे में आंधी के चलते पौन घंटे तक बिजली बंद रही। श्रीविजयनगर में पश्चिम दिशा से तेज आंधी आई। जिससे आसमान में मिट्टी छा गई। कुछ मिनटों तक वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद वर्षा की कुछ बूंदें गिरीं। इससे हवा में नमी बढ़ गई, जिससे गर्मी से राहत मिली। 365 हैड में भी हल्की बूंदाबांदी के समाचार हैं। पतरोड़ा में आंधी के बाद बरसात हुई। जैतसर में आंधी के बाद बिजली चमकती रही। रामसिंहपुर में 15 मिनट तक बरसात हुई। श्रीकरणपुर व सादुलशहर में भी मौसम पलटा और बिजली चमकती रही। केसरीसिंहपुर में हल्की बूंदाबांदी हुई। देर रात फकीरवाली में भी बरसात शुरू हो गई।
घड़साना
रामसिंहपुर
रावलामंडी| तेज आंधी के साथ बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। गुरुवार शाम 5:45 बजे आई आंधी के साथ तेज बौछारें गिरने लगी। करीब 10 मिनट तक तेज बारिश से कस्बे की सड़कें तर-बतर हो गईं। उधर रोजड़ी, 22 आरजेडी पंचायत में 3 से 4 अंगुल बरसात होने की जानकारी मिली है। यहां के किसानों ने बताया कि बरसात से बोई फसलों को लाभ मिला है। 365 हेड, खानूवाली सहित कस्बे के पश्चिम में बूंदा बांदी हुई। बाद में सुहावनी हवा चलने लगी लेकिन मौसम साफ नहीं हुआ। आसमान में बादल छाए रहे।