- Hindi News
- National
- रेलवे स्टेशन की व्यवस्था जांची, ऑडिटर बोले शौचालयों में नियमित सफाई नहीं
रेलवे स्टेशन की व्यवस्था जांची, ऑडिटर बोले-शौचालयों में नियमित सफाई नहीं
क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम ने किया दो दिवसीय दौरा
सूरतगढ़| केंद्र की क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की 2 सदस्यीय टीम ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत बुधवार को सूरतगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था जांची। रेल यात्रियों व आमजन से 5 दिन पूर्व व वर्तमान सफाई व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। कई यात्रियों ने कहा कि सहजता से जवाब दिया, साहब। आज आप आएं हो तो स्टेशन पर सफाई व रंग-रोगन नजर आया है। 5-10 दिन पूर्व तो सफाई के हालात कुछ और थे। यात्रियों के लिए पानी तक नहीं था। कुछ यात्रियों ने शौचालयों में गंदगी व पानी न होने की जानकारी दी। एईएनएचएम अमरदेव ने बताया कि स्टेशन पर 100 कचरापात्र रखें हैं, इनमें प्लास्टिक व स्टील के अलग-अलग कचरापात्र हैं जिनमें गीला व सूखा कचरा डालने की व्यवस्था है। 20 कचरा-पात्र और रखे जाने प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर में जल्द ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा, जो प्रोसेस में है। ट्रीटमेंट प्लांट से शौचालयों, नाले-नालियों का पानी साफ होने पर उसे सफाई व ट्रेनों की सफाई के उपयोग में लिया जाएगा। इससे पानी की बचत होगी। सीनियर ऑडिटर दीपक कुमार व जूनियर ऑडिटर सौरभ पांडे ने रेलवे अधिकारियों की साथ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित रिकार्ड जांचा। ऑडिटर दीपक कुमार ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया को ए-श्रेणी व ग्रेड प्रथम के रेलवे स्टेशनों की सफाई व्यवस्था जांचने का जिम्मा दे रखा है।