राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हॉकी खिलाड़ियोंं को सिखाए गुर
कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के खेल मैदान में चल रहे राजस्थान हॉकी टीम 19 वर्ष के प्रशिक्षण शिविर में मंगलवार को स्पोर्ट्स अधिकारियों एवं कोचों ने खिलाड़ियों को हॉकी खेल के गुर सिखाएं। प्रशिक्षण शिविर का समापन 20 अप्रैल को होगा । प्रशिक्षण शिविर पूरा होने के बाद हॉकी टीम पंजाब प्रांत के जालंधर शहर में 23 अप्रैल से शुरू होने वाली राष्ट्रीय स्तर की हॉकी 19 वर्ष विद्यालयी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होंगी।
प्रधानाचार्य गोपाल सिंह डागुर ने बताया कि 63 वी राष्ट्रीय हॉकी 19 वर्ष छात्र छात्रा विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता 23 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच पंजाब प्रांत के जालंधर शहर में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के से पूर्व राजस्थान प्रदेश की हॉकी 19 वर्ष विद्यालयी टीम को प्रशिक्षण देने के लिए राज्य सरकार एवं खेल अधिकारियों ने सूरौठ कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के खेल मैदान का चयन किया है। प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश की हॉकी टीम में शामिल 36 छात्र छात्राओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। हॉकी 19 वर्ष टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ी पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण ले रहे हैं।
जालंधर के लिए होंगे रवाना
कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में 15 अप्रैल से 20 अप्रैल तक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसके पश्चात प्रधानाचार्य गोपाल सिंह डागुर के नेतृत्व में हॉकी खिलाड़ियों, मैनेजर, कोच एवं प्रबंधक सहित 47 सदस्यीय दल राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जालंधर के लिए रवानगी लेगा। प्रशिक्षण शिविर में काफी संख्या में खेल अधिकारी एवं शारीरिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से हॉकी खिलाड़ी आए हुए हैं।