पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • संगीत की धुन पर डांस करके पहाड़े सीख रहे स्कूल के बच्चे

संगीत की धुन पर डांस करके पहाड़े सीख रहे स्कूल के बच्चे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
विकासखंड के सरकारी स्कूलों में दो अप्रैल से नया शिक्षण सत्र शुरू होते ही स्कूलों में गिनती, पहाड़ों और हिंदी की कविताओं की गूंज सुनाई देने लगी है। ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि इस बार बच्चों के मनोरंजन के साथ ही उनकी पढ़ाई भी हो रही है। स्कूलों में बच्चों को खेल-खेल में पहाड़े, गिनती, अन्य पढ़ाई संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

मंगलवार को भास्कर की टीम ग्राम लालाखेड़ी के शासकीय मावि स्कूल में पहुंची, तो यहां बच्चे संगीत की धुन पर डांस करके पहाड़े सीख रहे थे। साथ ही एलईडी स्क्रीन से विज्ञान के अविष्कार के बारे में जान रहे थे। शिक्षक भी बच्चों के साथ-साथ डांस करके बच्चों को पहाड़े याद करा रहे हैं। इतना ही नहीं, उनके मनोरंजन के लिए कैरम, फुटबाल, क्रिकेट सहित अन्य प्रकार के खेले भी खिलाए जा रहे हैं। यहां मौजूद बच्चों ने भी कहा कि हमारे शिक्षक बहुत अच्छे हैं। स्कूल का वर्ष 2016-17 का परिणाम भी 100 प्रतिशत रहा है। यहां पर मौजूद प्रधानाचार्य राकेश कुमार जोशी, शिक्षक अरूण कुमार नाबर और महेशचंद्र भावसार बच्चों को खेल के माहौल के बीच बच्चों को पढ़ाई करवा रहे थे। स्कूल पर स्वच्छता के नारे लिखे नजर आए। पूरा परिसर स्वच्छता से परिपूर्ण था जो अपने आप में स्वच्छता अभियान का संदेश दे रहा था।

नया तरीका

ग्राम लालाखेड़ी के सरकारी स्कूल में नए तरीकों से बच्चों को सिखाने का काम कर रहे शिक्षक, बच्चों की रुचि भी बढ़ी

डांस के जरिए पहाड़े याद करते स्कूली बच्चे।

स्वच्छता का संदेश देता लालाखेड़ी का शासकीय माध्यमिक स्कूल।

स्कूल में है सारी सुविधाएं

परिसर साफ-सुथरा, स्कूल परिसर में पौधारोपण, शिक्षकों के फोटो व नामयुक्त सूची टंगी हुई थी। बच्चों को मध्याह्न भोजन कराने वाली बाई मौजूद थी। बच्चे डांस करके पहाड़े याद कर रहे थे। एक बोर्ड पर मेरिट में पास होने वाले बच्चों की सूची बनी हुई थी, पीने के पानी के लिए परिसर में ही हैंडपंप लगा हुआ है। खेल कूद की सारी सामग्री। इतना ही नहीं बड़ी एलइडी स्क्रीन पर बच्चों को पढ़ाई करवाना ऐसी सुविधाएं है। आमतौर पर यह सभी सुविधाएं प्राइवेट स्कूलों में दिखाई देती है। किंतु लालाखेड़ी के इस शासकीय माध्यमिक स्कूल में यह सारी सुविधाएं मौजूद थीं।

खबरें और भी हैं...