पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ग्राम पायली में अतिक्रमण के चलते जर्जर हो गया उप स्वास्थ्य केंद्र भवन

ग्राम पायली में अतिक्रमण के चलते जर्जर हो गया उप स्वास्थ्य केंद्र भवन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जर्जर हो गया उप स्वास्थ्य केंद्र ।

भास्कर संवाददाता | सुसनेर

ग्रामीणों को गांव में ही बेहतर स्वास्थ सुविधाएं देने के उद्देश्य से समीपस्थ ग्राम पायली में सत्र 2010-11 में 4 लाख 50 हजार रुपए की लागत से आरईएस और ग्राम पंचायत ने मिलकर उप स्वास्थ्य केंद्र बनाया था। केंद्र भवन, तो बनकर तैयार हो गया, मगर जिस व्यक्ति द्वारा दान की गई जमीन पर यह केंद्र बना था, उसने इस पर कब्जा करके अपने मवेशी बांध रखे हैं। स्वास्थ्य विभाग के लगातार प्रयास के बाद भी जनपद पंचायत और प्रशासन के जिम्मेदार इस उप स्वास्थ्य केंद्र को खाली नहीं करा सके हैं। इसके चलते ग्रामीणों को स्वास्थ संबंधी सुविधाएं सही तरीके से नहीं मिल पा रही। अगर ये उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू हो जाए, तो पायली तथा इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को 10 से 15 किमी दूर सुसनेर अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र को खाली कराने के लिए कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र-व्यवहार किया, किंतु आज तक कोई नतीजा नहीं निकला है।

वर्ष 2010-11 में ग्राम लालाखेड़ी में भी उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण 5 लाख रुपए खर्च करके किया गया था, किंतु ग्राम से दूर होने के कारण अभी तक इसका लाभ आसपास के ग्रामीणों को नहीं मिल पाया है। आरईएस और पंचायत ने भवन गांव से एक से डेढ़ किमी की दूरी पर बना दिया। भवन तो बना दिया, किंतु आज तक यह भवन भी स्वास्थ्य विभाग को सौंपा नहीं गया है। इसके चलते इस भवन के निर्माण का फायदा ग्रामीणों काे नहीं मिल पा रहा है।

ग्राम पायली और लालाखेड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण में शासन की लगभग 10 लाख रुपए की राशि खर्च हुई, लेकिन इसका फायदा ग्रामीणों को आज तक नहीं मिल पाया है। एेसे में सवाल उठता है कि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए खर्च की गई लाखों रुपए की राशि का अब जिम्मेदार कौन है। ग्राम पंचायतों ने इन भवनों का निर्माण कराया था, लेकिन उस समय जो जिम्मेदार थे, वे अब बदल चुके हैं। एेसे में शासन के 10 लाख रुपए से बने भवन धीरे-धीरे जर्जर हो रहे हैं।

केंद्र पर कब्जा कर लोगों ने मवेशी बांध रखे हैं

ग्राम पायली और लालाखेड़ी में उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कराने के लिए आरईएस को राशि जारी करके ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी बनाया गया था। आज तक उप स्वास्थ्य केंद्रों को स्वास्थ्य विभाग को सौंपा नहीं गया है। इसलिए उप स्वास्थ्य केंद्र चालू नहीं किए जा सके हैं। पायली में उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए जिसने जमीन दान की थी, उसने ही केंद्र पर कब्जा कर मवेशी बांध रखे हैं। डाॅ. ब्रजभूषण पाटीदार, बीएमओ सुसनेर।

खबरें और भी हैं...