सुसनेर | नगर के श्री सूर्यवंशी रविदास, राम मंदिर व मेघवाल समाज विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित किए गए पंचकुंडीय विष्णु महायज्ञ का समापन रविवार को हो गया। यज्ञ में पूर्णाहुति देने के बाद नगर में चल समारोह निकाला गया। मेघवाल समाज के तत्वावधान में विश्व शांति की मंगल कामना के साथ ही क्षेत्र में अच्छी बारिश, धन-धान्य की वृद्धि आदि कामनाएं की गई। यज्ञ में क्षेत्र के 84 ग्रामों से आए श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। चल समारोह का स्वागत इतवारिया बाजार में मार्केटिंग सोसाइटी अध्यक्ष लक्ष्मणसिंह कांवल, सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु भावसार के नेतृत्व में किया गया। वार्ड दो के पार्षद दीपक भावसार ने, सराफा बाजार में भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाशनारायण बजाज ने व हाथी दरवाजा के समीप नगर परिषद की आेर से स्वागत किया गया।