पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • तैयार हो चुके ट्रामा सेंटर का सीएम से नहीं कराएंगे लोकार्पण

तैयार हो चुके ट्रामा सेंटर का सीएम से नहीं कराएंगे लोकार्पण

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | आगर-मालवा

26 मई को तेंदूपत्ता संग्राहकों, अाजीविका मिशन के तहत गठित स्व-सहायता समूह के सदस्यों एवं असंगठित श्रमिकों के महा सम्मेलन में भाग लेेने आ रहे सीएम शिवराजसिंह चौहान से 8 माह पहले बनकर तैयार हो चुके ट्रामा सेंटर का लोकार्पण नहीं करवाया जाएगा। वहीं सर्किट हाउस व कलेक्टोरेट के पास बन चुके राजस्व क्वार्टर के लोकार्पण की योजना भी टल गई है। अब मुख्यमंत्री 3-3 करोड़ रुपए से बनाए गए 2 छात्रावास तथा एक हाईस्कूल भवन का लोकार्पण करने के साथ ही जिले के 11 स्थानों पर बनने वाले हाईस्कूल भवनों के लिए भूमिपूजन करेंगे।

बड़ौद रोड पर मालीखेड़ी के समीप बन रहे जिला अस्पताल के पास ही 5 करोड़ 7 लाख की लागत से ट्रामा सेंटर बनाया गया है। ट्रामा सेंटर का काम करीब 8 महीने पहले ही पूरा हो चुका है। पहले मुख्यमंत्री से ट्रामा सेंटर का लोकार्पण कराने की चर्चा थी, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि जब तक नया जिला अस्पताल शुरू नहीं होगा तब तक ट्रामा सेंटर को शुरू करने का कोई औचित्य नहीं है। ऐसे में ट्रामा सेंटर के लोकार्पण की योजना को फिलहाल स्थगित किया गया है। ट्रामा सेंटर के चालू होने से गंभीर मरीजों को उज्जैन रैफर नहीं करना पड़ेगा। कई सुविधाएं जो पुराने भवन में जगह की कमी के कारण शुरू नहीं हो पा रही है।

सारंगपुर रोड पर नए कलेक्टोरेट भवन के पास ही कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ सहित राजस्व अधिकारियों के 76 तथा 11 पीडब्ल्यूडी अधिकारी-कर्मचारियों के बंगले व क्वार्टस बनाए जा रहे है। इनमें से सी, ई, एफ व जी टाइप के 49 क्वाटर्स का काम पूरा हो चुका है। एच व आई टाइप के 36 क्वार्टर का काम बाकी होने से इन क्वाटर्स का भी लोकार्पण नहीं हो पाएगा। इन आवासों का काम पूरा होने में करीब 1 माह का समय और लगने वाला है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सारंगपुर रोड पर नेहरू काॅलेज के सामने पीआईयू द्वारा बनाए गए 100 सीटर बालिका छात्रावास ओबीसी तथा मालीखेड़ी रोड पर 100 सीटर बालक छात्रावास (ओबीसी) का लोकार्पण करेंगे। दोनों छात्रावास 3-3 करोड़ की लागत से बनाए गए है। इन छात्रावासों का लोकार्पण हो जाने से आगर में काॅलेज की पढ़ाई कर रहे पिछड़ा वर्ग के 100 बालक व 100 बालिकाओं को रहने का फायदा मिलेगा। इसके अलावा ग्राम रोझानी में 1 करोड़ की लागत से बनाए गए हाईस्कूल भवन का भी लोकार्पण होना है। इसके लिए विभाग तैयारी में लगा है।

इस तरह बनकर आठ माह पहले तैयार हो चुका है ट्रामा सेंटर।

14 करोड़ से बनने वाले 11 स्कूलों का करेंगे भूमिपूजन

मुख्यमंत्री चौहान जिले में बनने वाले 11 स्कूल भवनों का भी भूमिपूजन करेंगे। इनमें से उत्कृष्ट विद्यालय सुसनेर व नलखेड़ा तथा कन्या उमावि नलखेड़ा में 1 करोड़ 75 लाख की लागत से भवन बनाए जाने है। इसके अलावा इतनी ही लागत से उमावि श्यामपुर में भी स्कूल बिल्डिंग बनेगी। इसके अलावा जिन स्कूल भवनों का भूमिपूजन सीएम द्वारा किया जाना है उनमें बालक उमावि सोयतकलां व कन्या उमावि बड़ौद के अलावा डोंगरगांव, बीजानगरी, सूईगांव आदि शामिल है। यहां पर एक-एक करोड़ रुपए की लागत से स्कूल भवन का निर्माण होगा। गत वर्ष ही बीजानगरी विद्यालय उन्नत हुआ है। इन स्कूल भवनों के बन जाने से 3700 से अधिक बच्चों को लाभ मिलेगा।

सर्किट हाउस का बगीचा नहीं हुआ तैयार

सारंगपुर रोड पर डाक बंगले के पीछे 2 करोड़ 34 लाख की लागत से वीआईपी और वीवीआईपी जन प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के रुकने के लिए बनाए जा रहे सर्किट हाउस के लोकार्पण की भी लोग उम्मीद कर रहे थे, लेकिन सर्किट हाउस परिसर में बगीचे का निर्माण न होने तथा पार्किंग शेड न बन पाने तथा अन्य छोटे-मोटे काम पूरे न हो पाने के कारण इसका भी लोकार्पण सीएम से नहीं कराया जाएगा। सूत्र बताते है कि करीब 15 दिन बाद ही इसका सारा काम पूरा हो पाएगा। बता दे आगर में जो सर्किट हाउस बनाया जा रहा है उसकी ड्राइंग सबसे लेटेस्ट बताई जाती है। इसी प्रकार का सर्किट हाउस हरदा में भी बन रहा है। वीआईपी अतिथियों के लिए जो रूम होंगे उनमें लेट-बाथ के साथ ड्रेसिंग रूम अटैच होगा। जबकि मोस्ट वीआईपी के लिए ड्रेसिंग रूम के अलावा लिविंग रूम और अतिरिक्त रहेगा। हाउस में बेडरूम, ड्राइंग रूम तथा अन्य अत्याधुनिक व्यवस्था रहेगी।

पूर्ण हो चुके कामों का ही लोकार्पण करवाया जा रहा है

26 मई को मुख्यमंत्री के हाथों विभाग द्वारा बनवाए गए 2 ओबीसी हाॅस्टल, एक हाईस्कूल के लोकार्पण करवाए जाने के साथ ही 11 स्कूल भवनों के लिए भूमिपूजन करवाया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन से पूर्ण हो चुके कामों का ही लोकार्पण करवाया जा रहा है। -एम.एस. कटारा, कार्यपालन यंत्री पीआईयू आगर-मालवा।

खबरें और भी हैं...