भास्कर संवाददाता | मो. बड़ोदिया/करजू
भाजपा द्वारा चलाया जा रहे पंचायत चलो अभियान के तहत गांव-गांव जाकर विधायक के साथ पार्टी के पदाधिकारी व जिम्मेदार कार्यकर्ताओं द्वारा शासन की योजनाओं के लाभान्वित हितग्राहियों का सम्मान किया जा रहा है। इस मौके पर कराए गए विकास कार्य व आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए वोटरों को रिझाने के लिए पार्टी की उपलब्धियां बताई जा रही है।
शुक्रवार को सुसनेर विधायक मुरलीधर पाटीदार सुसनेर विधानसभा क्षेत्र के गांव सरसोदिया से करजू पहुंचे। गांव में घूमकर लोगों की समस्याओं से रूबरू होने के बाद आर्य समाज मंदिर पर सभा आयोजित की गई। सभा में विधायक मुरलीधर पाटीदार ने मुख्यमंत्री तीर्थ योजना, बीमारी सहायता राशि स्वीकृत, प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों के साथ दसवीं में 80 प्रतिशत अंक लाने वाले दो विद्यार्थियों का हार माला पहनाकर सम्मान किया। ग्रामीणों के साथ वार्ड पंच हरिनारायण कटारिया ने जमादार मोहल्ले मे नाले की समस्याओं के साथ सड़क, हायर सेकंडरी स्कूल के बच्चों के लिए खेल मैदान आदि से अवगत कराया। इस पर विधायक ने करजू सरपंच प्रतिनिधि खुशीलाल भिलाला को गांव के दोनों तरफ बने नाले से हो रही गंदगी को साफ करवाने के निर्देश दिए। मंडल महामंत्री होकम पाटीदार ने बताया यहां से चौंसला, बनबोर, डूंगरी, भंवरासा, मोहना, निपानिया के 250 शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों का सम्मान किया गया। पंचायत चलो अभियान यात्रा में मंडल अध्यक्ष महेंद्र बडेरा, विधायक प्रतिनिधि मुकेश फौजी, नगर अध्यक्ष चैनसिंह चंद्रवंशी, मुकेश पाटीदार सरपंच उमरिया, प्रेमनारायण सरपंच सरसोदिया, राधेश्याम चौधरी सरपंच माल्याहेड़ी, हरिसिह आर्य, राधेश्याम आर्य, नारायण सिंह आर्य, मांगीलाल मल्डावदिया, सिद्धनाथ आर्य आदि उपस्थित थे।