ट्रैक्टर पलटा, उसमें दबने से भानपुरा के बस क्लीनर की मौत
बुधवार करीब रात 8.30 बजे ट्रैक्टर के पलटी खाने से उस पर सवार आजाद बस के क्लीनर ओमप्रकाश सेन की दबने से बसई नदी के पास घटना स्थल पर मौत। ट्रैक्टर चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस थाना सुवासरा टीआई राकेश चौधरी ने बताया कि सूचनाकर्ता आजाद बस क्रमांक-आरजे 12पीए4385 ड्राइवर शिवप्रकाश पिता कस्तूरचंद पायक(68) निवासी भानपुरा ने घटना की जानकारी दी। ड्राइवर ने बताया कि वे बस में बारातियों को लेकर हर्कियाखाल तहसील जीरन जिला नीमच जा रहे थे। बुधवार देरशाम को बस बसई नदी के समीप अचानक खराब हो गई तो बारातियों को अन्य बस से पहुंचाया दिया। बस सुधारने के लिए कारीगर को सूचना करने के साथ सड़क पर रास्ता जाम हो रहा था। इसलिए गांव से ही जा रहे एक ट्रैक्टर चालक से बस को टोचनकर बस को साइड में खड़ी करवाई। भूख लगने के कारण बस क्लीनर ओमप्रकाश पिता छोटूलाल सेन(35) निवासी भानपुरा ने कहा मैं ट्रैक्टर से ही गांव में चला जाता हूं और कुछ खाने का लेकर आता हूं। यह कहकर वह ट्रैक्टर के मुड्डे पर बैठ गया और करीब 60 कदम दूरी पर जाने के बाद ही ट्रैक्टर अचानक पलटी खा गया। हादसे की जानकारी लगी तो में भी मौके पर देखने गया तो वहां मेरा क्लीनर दबा हुआ था, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। दबने के कारण क्लीनर ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डायल-100 व पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक को लेकर अस्पताल लेकर पहुंचे। मृतक का पीएम सुबह होगा। पुलिस थाना सुवासरा ने मर्ग कायम कर जांच में लिया।