वाराणसी कैंट में निर्माणाधीन फ्लाईओवर गिरा, 18 की मौत
वाराणसी |उत्तर प्रदेश के वाराणसी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का बड़ा हिस्सा गिर गया। इसकी चपेट में छह कार, एक मिनी बस, एक ऑटोरिक्शा, मोटरसाइकिल सहित कुछ वाहनों के साथ ही पैदल जा रहे लोग और काम कर रहे मजदूर आ गए। दो पिलर गिरने से काँक्रीट का 200 मीटर लंबा 100 टन वजनी बीम अचानक सड़क पर आ गिरा। इसकी चपेट में आए वाहन पूरी तरह से पिचक गए। इसमें 18 लोगों की मौत हो गई। पांच घायलों में दो की हालत गंभीर है। कुछ रिपोर्टों में हताहतों की संख्या 35 बताई गई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। तीन लोगों को मलबे से जिंदा निकाला है। हादसा सिगरा थाना क्षेत्र के लहरतारा में मंगलवार दोपहर बाद हुआ। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि काँक्रीट के भारी बीम गिरने से हादसा हुआ। इसके नीचे चार कारें, एक ऑटोरिक्शा और एक मिनी बस पूरी तरह से दब गई। हादसे के करीब आधे घंटे बाद राहत-बचाव दल पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर आला अधिकारी पहुंचे। पुलिस के साथ एनडीआरएफ की टीम ने राहत कार्य शुरू किया। गिरे हुए पिलर को क्रेन की मदद से हटाने का काम शुरू किया।
2016 से बन रहा 129 करोड़ रुपए की लागत से फ्लाईओवर : करीब डेढ़ किमी लंबा फ्लाईओवर चौकाघाट से नहरपुरा तक कैंट इलाके से होते हुए बनाया जा रहा है। वाराणसी का ये इलाका बेहद भीड़भरा है। इसका निर्माण 2016 से शुरू हुआ था। 129 करोड़ रुपए की लागत से इस फ्लाईओवर को उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निर्माण निगम बना रहा है।
विपक्ष का निशाना- यह है विकास की वास्तविकता
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “देश के सबसे अधिक ध्यान दिए जाने वाले लोकसभा क्षेत्र में विकास की यह हकीकत है। मंत्री इस क्षेत्र में आकर नियमित निरीक्षण करते हैं। क्या यह घटना हादसा है या भ्रष्टाचार की देन है। राज्य सरकार को वाराणसी की जनता काे इसका जवाब देना चाहिए।’
दो पिलर गिरने से काँक्रीट का 200 मीटर लंबा, 100 टन वजन का बीम सड़क पर आ गिरा, चपेट में 6 कार, एक मिनी बस सहित 12 वाहन आए
48 घंटे में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
मुुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि इस मामले की 48 घंटे के भीतर जांच होगी और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुछ देर में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित किए जाने की अधिसूचना भी जारी कर दी गई। मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मंत्री नीलकांत तिवारी को वाराणसी भेजा है।