सार्वजनिक क्षेत्र की एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) ने उजाला (उन्नत ज्योति बाई अफोर्डेवल एलईडी बल्ब फॉर आल) कार्यक्रम के तहत 30 करोड़ से अधिक एलईडी बल्ब वितरित किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनवरी, 2015 में इस योजना की शुरूआत की।
बिजली मंत्रालय के अधीन आने वाली एनटीपीसी, पीएफसी, आरईसी और पावर ग्रिड की संयुक्त उद्यम ईईएसएल ने एक बयान में कहा कि देश में 30 करोड़ एलईडी बल्ब के वितरण से सालाना 3895.2 करोड़ किलोवाट प्रति घंटा ( केडब्ल्यूएच ) ऊर्जा की बचत हुई है। रुपए में कुल 15,581 करोड़ रुपए मूल्य की ऊर्जा बचत हुई है। भारत ने 2005 और 2030 के बीच कार्बन उत्सर्जन में 33 से 35% कटौती की प्रतिबद्धता जताई है। ऐसे में ऊर्जा दक्षता को एक प्रमुख रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। उजाला योजना ऊर्जा संरक्षण के लिहाज से सरकार का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और वैश्विक स्तर पर ऊर्जा बचत में इसकी भूमिका स्वीकार की गई है। इस कार्यक्रम के तहत घरों में कम बिजली खपत वाले एलईडी बल्ब लगाए जाते हैं।