वृद्ध की मौत के बाद परिजन ने किया हंगामा
जिला अस्पताल में भर्ती वृद्ध की मंगलवार शाम मौत होने के बाद परिजन ने नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनके अनुसार वृद्ध की तबीयत खराब होने के बाद भी नर्स समय पर नहीं आई। नर्स के पहुंचने पर परिजन ने ताली बजाकर प्रदर्शन किया। सूचना के बाद सिटी कोतवाली टीआई मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी तब मामला शांत हुआ। इधर, नर्स परिजन के आरोप को निराधार बताते हुए जिम्मेदारी से मरीज का ध्यान रखने और स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना डॉक्टर को देने की बात कह रही है। सोमवार शाम को सांस संबंधित परेशानी होने पर कोलवी निवासी लक्ष्मणसिंह ठाकुर (70) को परिजन ने जिला अस्पताल में भर्ती किया। मंगलवार शाम को अचानक लक्ष्मणसिंह की सांसें तेज चलने लगीं। परिजन नर्स को बुलाने स्टाफ रूम पहुंचे लेकिन यहां नर्स मोबाइल पर व्यस्त रहीं और मरीज को देखने नहीं पहुंची। इस दौरान लक्ष्मणसिंह की मौत हो गई।