सीधी : बारातियों से भरा ट्रक बेकाबू होकर 100 फीट नीचे गिरा; 20 की मौत, 30 घायल
भास्कर न्यूज | सीधी. सीधी जिले की सोन नदी के जोगदहा पुल से बारातियों से भरा मिनी ट्रक बेकाबू होकर 100 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। पुलिस की टीम और आसपास के लोग बचाव में लगे हुए हैं।
मंगलवार रात करीब 9:30 बजे देवसर के हर्राबिजी गांव के मुजब्बील खान की बारात सिहावल के पमरिया गांव जा रही थी तभी जोगदहा पुल के पास वाहन बेकाबू होकर नदी में गिर पड़ा। सीधी के एसपी मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू में जुट गई है। घायलों को सीधी जिला अस्पताल ले जाया गया है। रात होने के बावजूद बचाव दल युद्धस्तर पर जुटा है। एसपी के मुताबिक हताहतों की संख्या बढ़ भी सकती है।