मुंबई सीरियल ब्लास्ट के दोषी टकला की अस्पताल में मौत, फांसी की सजा हुई थी
पुणे | 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट मामले में फांसी की सजा से दंडित मो. ताहिर मर्चेंट ऊर्फ टकला की बुधवार को मौत हो गई। देर रात सीने में दर्द के बाद उसे अस्पताल भर्ती कराया गया था। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जेल) बीके उपाध्याय ने कहा कि येरवडा जेल में बंद मर्चेंट को दिल का दौरा पड़ा था। मुंबई धमाकों में दोषी पाए जाने पर विशेष टाडा कोर्ट ने उसे 7 सितंबर 2017 को फांसी की सजा सुनाई थी। उसे मार्च 1993 में हुए बम धमाके की साजिश रचने, इसमें मदद करने और आतंकवादी गतिविधियों के मामले में दोषी पाया गया था।