पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • कठुआ रेप भयावह, उम्मीद है दोषियों को सजा मिलेगी : संयुक्त राष्ट्र प्रमुख

कठुआ रेप भयावह, उम्मीद है दोषियों को सजा मिलेगी : संयुक्त राष्ट्र प्रमुख

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एजेंसी | संयुक्त राष्ट्र/जम्मू

कठुआ कांड की गूंज संयुक्त राष्ट्र तक पहुंच गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने आठ साल की बच्ची के साथ बार-बार सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने को भयावह घटना बताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस जघन्य अपराध के दोषियों को उचित सजा देगा। गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने यह जानकारी दी। वहीं भाजपा ने जम्मू सरकार से अपने दो मंत्रियों के इस्तीफे को हरी झंडी देते हुए इन्हें मंजूरी के लिए सीएम महबूबा मुफ्ती को भेजने का फैसला किया है। शेष | पेज 8 पर







जम्मू पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने दावा किया कि मंत्री लाल सिंह और चंद्र प्रकाश गंगा तो प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने के लिए एक मार्च को रासना गांव गए थे। लोगों ने गलत मतलब निकाला कि वह आरोपियों के समर्थन में गए थे। लेकिन उन्होंने किसी भी तरह से जांच को प्रभावित नहीं किया। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम का भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मंत्रियों ने पीडीपी के दबाव में इस्तीफा नहीं दिया है।



चार पुलिसकर्मी बर्खास्त; फास्ट ट्रैक ट्रायल के लिए महबूबा ने हाईकोर्ट को भेजी चिट्‌ठी

मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कठुआ कांड के आरोपी चार पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। इनमें एक सब इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल और दो स्पेशल पुलिस अॉफिसर शामिल हैं। उन्होंने हाईकोर्ट को चिट्‌ठी भेज केस ट्रायल 90 दिन में पूरा करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की मांग की।



जिस तरह जम्मू के लोगों ने कठुआ मामले में विरोध जताया और सांप्रदायिक ताकतों को खारिज किया है, वह तारीफ के काबिल है। इससे धार्मिक एकता तथा सच्चाई को प्रोत्साहन मिलता है। -महबूबा मुफ्ती, मुख्यमंत्री

पीड़िता की मां बोली- बेटी को डॉक्टर बनाना चाहती थी, लेकिन अब सिर्फ दोषियों को फंदे पर देखना चाहती हूं



उधमपुर | गर्मियां शुरू होते ही बकरवाल समुदाय ने सामान और जानवरों के साथ जम्मू इलाका छोड़कर कश्मीर का रुख कर लिया है। कठुआ में दुष्कर्म के बाद मारी गई बच्ची के माता-पिता भी समुदाय के लाेगों के साथ कश्मीर की तरफ बढ़ रहे हैं। बेटी की मौत का गम सीने पर लेकर चल रही मां कहती है, ‘वह इतनी सुंदर और होशियार थी। मैं उसे डॉक्टर बनाना चाहती थी। लेकिन मेरी अब सिर्फ एक ही इच्छा है कि बच्ची के दोषी फांसी के फंदे पर लटकाए जाएं।’’ बच्ची के पिता कहते हैं, ‘क्राइम ब्रांच की जांच से हम संतुष्ट हैं। हमें सीबीआई जांच की जरूरत नहीं है।’



मंत्री पद गंवाने वाले नेताओं ने फिर दोहराई सीबीआई जांच की मांग:

मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले भाजपा नेता चंद्र प्रकाश गंगा और लाल सिंह ने फिर सीबीआई जांच की मांग दोहराई है। गंगा ने कहा, “जम्मू के हितों की रक्षा के लिए मैं सरकार से लड़ने या प्रधानमंत्री से मिलने से भी नहीं हिचकूंगा। मैं कठुआ दुष्कर्म और हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग दोहराता हूं। यह लाखों लोगों की मांग है।’ वहीं, सीबीआई जांच की मांग से जुड़े सवाल पर लाल सिंह ने कहा, “इसमें गलत क्या है? सीबीआई कुछ गलत नहीं करेगी।’ हालांकि, भाजपा आधिकारिक तौर पर क्राइम ब्रांच की जांच को सही बताते हुए सीबीआई जांच की मांग को नकार चुकी है।

इधर, गुजरात में हफ्तेभर तक दरिंदगी

80 घाव सहकर 11 साल की बच्ची ने जान गंवाई, अब तक शिनाख्ती नहीं

भास्कर न्यूज नेटवर्क | सूरत. गुजरात के सूरत में 11 साल की एक बच्ची हफ्तेभर तक दरिंदगी का शिकार होती रही। 80 घाव सहे और जान गंवा दी। अब 9 दिन से सिविल अस्पताल में उसका शव शिनाख्ती के लिए रखा गया है। 6 अप्रैल को भेस्तान के पास इस बच्ची का शव मिला था। तब से लेकर पुलिस शिनाख्त के प्रयासों में जुटी है। जांच कर रहे पांडेसरा के पुलिस इंस्पेक्टर एमवी झाला के मुताबिक बच्ची के परिजनों का पता लगाने के लिए 100 पर्चे सार्वजनिक जगहों पर चस्पा किए गए हैं। पहचान बताने वाले के लिए 20 हजार रुपए का इनाम भी रखा है।

आरोपी भी फरार, सोशल मीडिया से लेकर हर जगह तलाश

अपराधी फरार हैं। उनकी सोशल मीडिया से लेकर उड़ीसा, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश में तलाश की जा रही है। होटल एसोसिएशन के माध्यम से आने-जाने वाले लोगों की जानकारी ली जा रही है। शातिर अपराधियों से भी पूछताछ की जा रही है। लड़की के परिजनों की जानकारी और अपराधियों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल से 2 किलोमीटर की दूरी तक के घरों की जांच की गई।

पीड़िता से करवाया आमना-सामना

अारोपी विधायक 7 दिन की सीबीआई रिमांड पर, सेंगर बोले- भगवान पर भरोसा

भास्कर न्यूज | लखनऊ. उन्नाव दुष्कर्म कांड में आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सीबीआई कोर्ट ने सात दिन के रिमांड पर जांच एजेंसी को सौंप दिया है। वहीं, कोर्ट में पेशी पर जाते वक्त सेंगर ने मीडिया से कहा- ‘भगवान पर भरोसा है।’ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीबीआई ने शनिवार शाम 4.00 बजे विधायक को कोर्ट में पेश किया। पेशी के पहले सेंगर का सीबीआई ने पीड़िता के साथ आमना-सामना करवाया। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट भी किया गया।

खबरें और भी हैं...