पुणे में 8 साल का छात्र सवाल हल नहीं कर सका तो टीचर ने गले में लकड़ी चुभो दी, गंभीर
एक टीचर ने पुणे में बच्चे को क्रूर सजा दी है। पिंपलवाड़ी जिला परिषद स्कूल में 8 साल का बच्चा परीक्षा में गणित का सवाल हल नहीं सका, तो टीचर ने उसके गले में नुकीली लकड़ी चुभो दी। इस घटना के बाद बच्चे को उल्टियां हुईं और वह बेहोश हो गया। उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है।
घटना चार दिन पुरानी है। उस दिन कक्षा दो में पढ़ने वाले रोहन डी जंजीरे का गणित का पेपर था। जब परीक्षा में रोहन सवाल हल नहीं कर सका तो टीचर चंद्रकांत गुस्से में आ गया। रोहन को सजा देते हुए उसके गले में नुकीली लकड़ी घुसेड़ दी। इससे बच्चा वहीं गिर पड़ा। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स के मुताबिक रोहन की स्वांस नलिका और आहार नलिका फट चुकी है। वह बोल नहीं पा रहा है। मामले में टीचर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।