420 तापमान में 10 घंटे बिजली कटौती, पानी नहीं मिला, काम भी प्रभावित रहे
मई में गर्मी रौद्र रूप दिखा रही है। बुधवार को 42 डिग्री तापमान में लू के थपेड़ों के चलते शहर के बाजार व गली-मोहल्ले सूने नजर आए। इसके साथ बिजली कंपनी द्वारा की गई कटौती ने आमजन को परेशान कर दिया। लोग पसीने से तरबतर हो गए। लोगों की दुकानदारी भी प्रभावित हुई और जरूरी काम निपटाने में दिक्कत उठाना पड़ी।
बिजली कंपनी ने करवाखेड़ी सबस्टेशन पर 132 केवीए लाइन का बुधवार को मेंटेनेंस किया गया। सुबह 7 से शाम 5 बजे तक नगर सहित आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली प्रदाय बंद रहा। सुबह से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। लोगों के रूटीन के काम भी प्रभावित हुए। सेवा प्रदाता नीलेश उपाध्याय ने बताया रजिस्ट्री के लिए रोज दर्जन लोगों के स्टाम्प निकालता हूं, लाइट बंद होने के कारण तीन लोगों के ही स्टाम्प निकाल पाया। इतनी लंबी कटौती से काम पर भी असर पड़ा। इधर जिन लोगों को जरूरी काम थे, उन्हें 17 किमी दूर आलोट जाकर काम निपटाने पड़े। रहवासियों ने बताया नगर परिषद द्वारा हर तीसरे-चौथे दिन जलप्रदाय किया जाता है। नगर के कई इलाकों में आज जलप्रदाय होना था। लाइट सुबह से बंद थी, इस कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सका। लोगों का कहना है बिजली कंपनी प्री-मानसून मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती करती है, लेकिन बारिश के समय हल्की सी बारिश में बिजली बंद होने की समस्या शुरू हो जाती है।
मेंटेनेंस पूरा होते ही सप्लाई शुरू कर दी थी - बिजली कंपनी के सहायक अभियंता राकेश सिहार ने बताया बारिश से पूर्व मेंटेनेंस के लिए शेड्यूल तय था। पहले कटौती बड़े ग्रिड से की गई। इस दौरान नगर के 4 ट्रांसफार्मर सहित लाइनों का मेंटेनेंस किया गया। समय पूरा होते ही बिजली सप्लाई शुरू की गई।
30 से अधिक गांवों में बिजली प्रदाय बंद रहा
माधोपुर, मुंडलाकलां, असावता, लसुड़ियाखेड़ी, करवाखेड़ी, ताजखेड़ा, पंथपिपलौदा, आक्याकला, नाकतवाड़ा, एरवास, बिसलखेड़ा, धतरावदा, माल्या, कोदडी, भैंसाना, खेजड़िया, खेड़ी, खेजड़ीसोंधिया, सांगाखेड़ा, दौलतपुरा, दद्दुखेड़ी, रामगढ़ सहित अन्य गांवों में बिजली सप्लाई बंद रही।