धार : सोनोग्राफी के बहाने 8वीं की छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार
धामनोद/धार| धामनोद के मालवीया अस्पताल में पथरी का इलाज कराने आई 13 साल की 8वीं की छात्रा के प्राइवेट पार्ट से डॉ. जीएन मालवीया ने छेड़छाड़ की। 13 वर्षीय किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने डॉ. मालवीया पर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अजा-अजजा एक्ट में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बड़वानी जिले के बरूफाटक की रहने वाली किशोरी अपने माता-पिता के साथ शुक्रवार को धामनोद थाना पहुंची। आप बीती बताई। किशोरी ने बताया कि जनवरी से किडनी में पथरी होने का इलाज मालवीया अस्पताल में चल रहा है। डॉ. मालवीया ने मुझे बायीं किडनी में पथरी होना बताया है। 12 अप्रैल को दोपहर 1 बजे मैं मेरी मम्मी के साथ डॉ. मालवीया के पास चेकअप के लिए आई थी। डॉक्टर साहब मुझे चेक करने के लिए दूसरे कमरे में ले गए। मुझे चेक करने के बहाने मेरे साथ छेड़छाड़ की।